लखनऊ: आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बहुजन समाज पार्टी (BSP) ब्राह्मणों को अपने पाले में लाने के लिए अयोध्या से सतीश चंद्र मिश्रा के नेतृत्व में ब्राह्मण सम्मेलन का आयोजन करने जा रही है। बसपा के ब्राह्मण सम्मेलन के ऐलान के बाद गोरखपुर से भाजपा सांसदव बॉलीवुड अभिनेता रवि किशन ने बीएसपी पर निशाना साधा है।
मायावती ने किया भाजपा को ठगने का काम: रवि किशन
भाजपा सांसद रवि किशन ने तंज कसते हुए कहा कि, किसने मायावती से कहा है कि भाजपा में ब्राह्मण ठगा गया। ब्राह्मण को ठगने का काम मायावती ने किया है। उन्होंने कहा कि, मैं खुद ब्राह्मण हूं और बीजेपी ने मुझे टिकट दे अपना उम्मीदवार बनाया था। यदि भाजपा ब्राह्मण विरोधी मानसिकता की होती तो मुझे टिकट नहीं देती।
कांग्रेस पर भी साधा निशाना
गोरखपुर सांसद ने कहा कि, पूर्वांचल की जनता योगी-मोदी के साथ है और 2022 में योगी फिर से यूपी के मुख्यमंत्री बनेंगे। साथ ही उन्होंने प्रियंका गांधी के यूपी दौरे पर निशाना साधते हुए कहा कि, वो यहां सिर्फ छुट्टी मनाने आती हैं। यदि जनता की समस्याओं को दूर करना है तो उन्हें यूपी में रहना चाहिए। रवि किशन ने कहा कि, 2022 में भी कांग्रेस की हालत 2017 वाली ही होगी।