लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा की पत्नी की हालत बिगड़ने पर शनिवार को उन्हें संजय गांधी पीजीआइ के कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बीती 21 अप्रैल को डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा के साथ उनकी पत्नी डॉ. जयलक्ष्मी शर्मा की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद दोनों पति-पत्नी ऐशबाग स्थित पैतृक आवास में होम आइसोलेशन में थे। आज जयलक्ष्मी का स्वास्थ्य बिगड़ने पर उन्हें एसजीपीजीआइ के कोविड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
उपमुख्यमंत्री की पत्नी की हालत स्थिर
53 वर्षीय डॉ. जयलक्ष्मी शर्मा लखनऊ विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग में सहायक प्रोफेसर हैं। आज उन्हें सांस लेने में कुछ तकलीफ होने के बाद एसजीपीजीआइ में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत अभी स्थिर है।
वहीं, उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा अभी भी होम आइसोलेशन में ही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद डिप्टी सीएम शर्मा और उनकी पत्नी ने जांच कराई तो वो भी कोरोना संक्रमित पाए गए। 21 अप्रैल को उपमुख्यमंत्री ने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी थी।