इन दिनों ताजमहल के मुद्दे पर काफी बवाल हो रहा है। इस बीच यूपी के मुखिया योगी आदित्यनाथ गुरुवार को आगरा का दौरा करने वाले हैं। आगरा आने के बाद सीएम योगी ताजमहल भी जाने वाले हैं। गुरुवार की सुबह योगी आदित्यनाथ अपना वक्त ताजमहल में भी बिताने वाले हैं। ताजमहल से पहले सीएम शाहजहां पार्क जाएंगे। जहां पहुंच कर सीएम पश्चिमी गेट के करीब बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ सफाई अभियान शुरु करने वाले हैं।

आगरा आने से पहले ही सीएम के लिए यहां सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। योगी आदित्यनाथ बीजेपी से पहले ऐसे मुख्यमंत्री होने जा रहे हैं जोकि ताजमहल का दौरा करने वाले हैं। यहां पहुंचने के बाद सीएम आगरा किले तक पर्यटक मार्ग की आधारशिला रखेंगे। जानकारी है कि आगरा में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकास योजनाओं पर करीब 370 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। लेकिन इन दिनों ताजमहल के मुद्दे पर कई राजनीतिक पंडित अपनी रोटियां सेकने में लगे हुए हैं।
ताजमहल मुद्दा पिछले कई दिनों से विवादित बना हुआ है। राजनीति में इसके प्रति अच्छी खासी गर्माहट देखी जा रही है। लेकिन इस सब के बीच सीएम योगी ताजमहल का दौरा कर रहे हैं। यह कई मायनों से अहम है। ताजमहल का मुद्दा विवादित सबसे पहले पर्यटन पुस्तक में इसका नाम दर्ज नहीं करने पर उठा था। हाल ही में बीजेपी विधायक संगीत सोम ने ताजमहल को भारतीय संस्कृति पर धब्बा करार दिया था जिसके बाद सियासत अब अपने चरम पद पर पहुंच गई है।