लखनऊ। उत्तर प्रदेश के युवा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज विधान सभा में पूर्व मुख्यमंत्रियों की फोटो गैलरी का अनावरण किया। इस दौरान अखिलेश ने अपनी बुआ और बीएसपी सुप्रीमो मायावती की ऑयल पेंटिंग का भी अनावरण किया।
इस कार्यक्रम के दौरान सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव, आजम खान, चौधरी अजीत सिंह, केसरीनाथ त्रिपाठी, सहित कई नेता और मंत्री उपस्थित रहे। गैलरी में यूपी के सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों के ऑयल पेंटिंग लगाए गए थे। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्रियों को भी न्योता भेजा गया था। जिसमें मुलायम के साथ अखिलेश यादव ने जब बसपा सुप्रीमो मायावती की फोटो का पर्दा खोला तो उनके मुंह पर बुआ की फोटो देखकर अलग मुस्कान नजर आई।
इस प्रदर्शनी में पूर्व मुख्य मंत्रियों की फोटो को प्रदर्शित किया गया है जिनमें गोविन्द वल्लभ पन्त ,सम्पूर्णानन्द ,चन्द्रभानु गुप्ता ,सुचेता कृपलानी,चरण सिंह ,त्रिभुवन नारायण सिंह ,कमलापति त्रिपाठी, हेमवती नंदन बहुगुणा ,नारायण दत्त तिवारी,राम नरेश यादव ,बनारसी दास ,विश्व परताप सिंह ,श्रीपति मिश्र ,वीर बहादुर सिंह ,मुलायम सिंह यादव ,कल्याण सिंह ,मायावती ,राम प्रकाश गुप्ता ,राजनाथ सिंह और वर्तमान मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नाम शामिल हैं।
(अकील सिद्धीकी संवाददाता, लखनऊ)