लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने माध्यमिक शिक्षा मंत्री बलराम यादव को अपने मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में सियासी सरगर्मी बढ़ गई है।सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री की बलराम यादव से नाराजगी के चलते उनको हटाया गया है। खबर है कि यादव के खिलाफ यह कदम माफिया सरगना मुख्तार अंसारी के दबदबे वाले कौमी एकता दल के सपा में विलय में भूमिका निभाने के आरोप में की गयी है।
सपा प्रमुख ने बलराम को हार जाने के बावजूद कैबिनेट मंत्री बनवाया था। अभी उनका एमएलसी का कार्यकाल खत्म हो रहा था तो दोबारा एमएलसी बनवाया। सियासी गलियारों में इसे अखिलेश का सख्त कदम माना जा रहा है। कई लोगों का मानना ये भी है कि मुख्यमंत्री के खिलाफ जाने वाले लोगों पर आगे भी गाज गिर सकती है। गौरतलब है यूपी में विधानसभा चुनाव अगले साल होना है।