featured यूपी

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति बैठक में राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं को दिया विजयी ‘मंत्र’

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति बैठक में राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं को दिया विजयी ‘मंत्र’

लखनऊ: वैश्विक महामारी कोविड-19 के संकट के बाद सोमवार को भारतीय जनता पार्टी की नवगठित प्रदेश कार्यसमिति की पहली बैठक आयोजित हो रही है।

राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित बैठक में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, यूपी के दोनों उपमुख्‍यमंत्री और प्रदेश अध्‍यक्ष स्‍वतंत्र देव सिंह सहित पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद हैं। इस बैठक का आगामी त्रिस्‍तरीय पंचायत चुनाव और साल 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर खास महत्व है।

bjp meeting भाजपा प्रदेश कार्यसमिति बैठक में राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं को दिया विजयी ‘मंत्र’

पद व कद की सीमा से परे है भाजपा कार्यकर्ता

आज देश के रक्षा मंत्री व लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह और सीएम योगी ने भाजपा की कार्यसमिति बैठक का उद्घाटन किया। इसके बाद बैठक को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि, गरीब मां का बेटा भाजपा में ही अध्यक्ष व प्रधानमंत्री बन सकता है। भाजपा कार्यकर्ता को पद व कद की सीमा में बांधा नहीं जा सकता, वह इससे परे है।

bjp meeting 1 भाजपा प्रदेश कार्यसमिति बैठक में राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं को दिया विजयी ‘मंत्र’

रक्षा मंत्री ने कहा कि, व्यक्ति अपने पद के कारण नहीं बल्कि अपनी कृतियों के कारण बड़ा होता है। नि:स्वार्थ भाव से परिश्रम करने से ही प्रतिष्ठा हासिल होती है। परिश्रम से उसे वो सम्मान हासिल होगा, जो पद पर बैठे व्यक्ति को शायद ही हासिल हो और इसलिए परिश्रम करते रहना चाहिए। भाजपा अन्य पार्टियों से अलग है। आज हम विश्व के सबसे बड़े दल हैं। कुछ एक-दो लोगों के कारण भाजपा का मूल्यांकन नहीं हो सकता।

राजनाथ सिंह ने कहा- भाजपा में नहीं हुई टूट  

लखनऊ सांसद ने कहा कि, जब अटल जी जनसंघ के अध्यक्ष थे तो किसी ने नहीं सोचा था कि हम सरकार बनाएंगे। हम अटल जी के नाम पर आगे बढ़े थे और फिर राम जन्मभूमि आंदोलन में हमारी पार्टी के प्रति घर-घर के विश्‍वास ने हमारा जनाधार बढ़ाया। वर्ष 1991 में हम पहली बार स्पष्ट बहुमत की सरकार बना सके। उसके बाद दूसरी बार वर्ष 2017 में योगी जी के नेतृत्व में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी है। उन्‍होंने कहा, बीजेपी सत्ता हासिल करने वालों का झुंड नहीं है बल्कि हम जीवंत राजनैतिक संगठन हैं। बहुत सी पार्टियां टूटी हैं, लेकिन भाजपा में टूट नहीं हुई।

रक्षा मंत्री ने कहा, कोरोना वायरस के संकट के समय जब 100 के करीब लोगों की मौत हुई थी, तब हमने लॉकडाउन का ऐलान किया। उस समय बहुत से अर्थशास्त्रियों ने इसके दुष्परिणाम पर आगाह किया, लेकिन हमारे प्रधानमंत्री जी ने एक-एक व्यक्ति की चिंता की। जब प्रवासी श्रमिकों का पलायन शुरू हुआ तो प्रधानमंत्री जी को सर्वाधिक दु:ख हुआ और हमने गरीबों को मुफ्त राशन व संसाधनों की व्यवस्था की।

हम वैश्विक महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर: राजनाथ सिंह

कोरोना वैक्‍सीन को लेकर उन्‍होंने कहा कि, हमने दुनिया की कुल वैक्‍सींस का 60 फीसदी का उत्पादन किया है। हम दुनिया के 70 फीसदी देशों को कोरोना टीका मुहैया करा रहे हैं। क्वाड की बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति ने भी भारत की तारीफ की। उन्‍होंने कहा, हमने कोरोना वैक्‍सीन की हर एक नागरिक के लिए व्यवस्था की है। इसके लिए किसी को भी चिंता करने की जरूरत नहीं है। इस दौरान केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि, आज हम वैश्विक महाशक्ति बनने की ओर बढ़ रहे हैं। सीमा की सुरक्षा हो या आंतरिक सुरक्षा का मामला, हम किसी पर भी कमजोर नहीं हैं।

लखनऊ सांसद ने कहा- सरकार किसानों के हित में सब कुछ करेगी   

वहीं, कार्यसमिति की बैठक में केंद्रीय रक्षा मंत्री ने कहा कि, सरकार ने किसानों के लिए बहुत से काम किए हैं। मोदी जी किसानों के लिए ही काम कर रहे हैं। समस्‍या का समाधान बातचीत से ही संभव है। हमने वर्ष 2022 तक किसानों की आय को दोगुना करने का फैसला लिया है, जिस पर हम काम भी कर रहे हैं। उन्‍होंने कहा, न्‍यूनतम समर्थन मूल्‍य (MSP) को बंद करने का सवाल ही नहीं है। किसान हमारे परिवार का हिस्सा हैं। लोग बैठ कर बात करें, जहां भी सुधार या बदलाव की जरूरत है, सरकार किसानों के हित में सब कुछ करेगी।

भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष ने की मोदी-योगी सरकार की तारीफ

इससे पहले बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कार्यसमिति की बैठक में सभी का स्वागत करते हुए कहा कि, मोदी सरकार जिन वादों और संकल्पों के साथ सत्ता में आई थी, उन सभी को मजबूती से पूरा कर रही है। देश के विकास और सुशासन के मार्ग प्रशस्त होने से आम आदमी के जीवन में आमूलचूल परिवर्तन दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि, किसी भी पार्टी को चलाने के लिए कार्यकर्ता और कार्यालय निर्माण की जरूरत होती है। सत्ता हमारा लक्ष्य नहीं है बल्कि सत्ता गरीबों की सेवा के लिए है।

bjp meeting 2 भाजपा प्रदेश कार्यसमिति बैठक में राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं को दिया विजयी ‘मंत्र’

उन्‍होंने कहा, सूखाग्रस्‍त बुंदेलखंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कोशिशों से हर घर पानी पहुंचाने का सपना साकार हो रहा है। श्रद्धेय अटल जी ने कहा था कि ‘अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा’ और आज कमल खिल चुका है। उन्होंने कहा, कोरोना संकट के बाद कार्यसमिति की यह पहली बैठक है। हमें विश्वास है कि सभी कार्यकर्ता आम जनता के बीच प्रबल विश्वास जगाएंगे और पार्टी के काम को विस्तार देंगे।

प्रदेश कार्यसमिति बैठक का उद्देश्‍य

यूपी में त्रिस्‍तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक के माध्‍यम से ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी जड़ें मजबूत करने के हर पहलू पर विचार किया जाएगा। बीजेपी का लक्ष्‍य है कि पंचायत चुनाव की सरगर्मी के बीच मिशन-2022 पर फोकस करते हुए सरकार की उपलब्धियों को जनमानस के बीच प्रभावी तरीके से ले जाना है, जिस पर भी बैठक में मंथन होगा। आपको बता दें कि इससे पहले भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक मेरठ में 11 अगस्त, 2018 को पार्टी के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय की अध्यक्षता में हुई थी।

Related posts

जानिए क्या है सोम प्रदोष व्रत और इसकी पूजन विधि

Aditya Mishra

महाराष्ट्र में हनुमान चालीसा पर लगातार बवाल जारी, सांसद नवनीत राणा और विधायक पति को 14 दिन की न्यायिक हिरासत, राजद्रोह का केस भी किया दर्ज

Rahul

Covid-19: पिछले 24 घंटों में देश में सामने आए 6,984 नए केस, 247 लोगों की मौत

Rahul