Breaking News featured भारत खबर विशेष यूपी

Exclusive: भाजपा विधायक पप्पू भरतौल बोले- अभी 30 साल तक भाजपा कहीं नहीं जाने वाली

Exclusive: भाजपा विधायक पप्पू भरतौल बोले- अभी 30 साल तक भाजपा कहीं नहीं जाने वाली

लखनऊ: भाजपा को समाज के सभी वर्गों का साथ मिला है। हमने छोटे से छोटे वर्ग के लोगों को अपने कार्यों से संतुष्ट किया है। सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के नारे के साथ हम एक बार फिर सरकार बनाएंगे। ये कहना है बिथरी चैनपुर बरेली से भाजपा विधायक राजेश कुमार मिश्र उर्फ़ पप्पू भरतौल का। दरअसल, भारतखबर.कॉम की टीम बुधवार को भाजपा विधायक के पास पहुंची। इस दौरान वर्तमान राजनीतिक घटनाक्रम पर पप्पू भरतौल से बातचीत हुई।

इस बातचीत में भाजपा विधायक ने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा और कहा कि साढ़े चार साला बीते जाने के बाद अब सपा, बसपा और कांग्रेस को जनता की याद आई है। उन्होंने कहा, ‘छह महीने के बाद चुनाव है, अब सम्मलेन किए जा रहे हैं और संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। जब कोरोना महामारी से जनता जूझ रही थी तब ये लोग एसी के कमरों में छुपकर बैठे थे।’ और क्या कुछ उन्होंने कहा, पढ़िए भारतखबर के इस विशेष अंक में…

भाजपा राज में ही ब्राहमण सुरक्षित: पप्पू भरतौल

प्रबुद्ध सम्मलेन और जय भारत महासंपर्क अभियान पर निशाना साधते हुए भाजपा विधायक ने कहा कि जब वैश्विक महामारी के दौरान जनता परेशान थी, गांव का किसान परेशान था, आम आदमी के पास आमदनी का स्रोत नहीं था, उस वक्त न ये सम्मलेन कराए गए और न ही जनता के बीच विपक्ष के लोग गए। उन्होंने कहा, ‘सिर्फ भाजपाई लोगों के बीच गए, उन्हें राशन मुहैया कराया, बीमारों का इलाज कराया, दवाइयां उपलब्ध कराई और जनता के सुख-दुःख में भागिदार बनें। हमारे मुख्यमंत्री लगातार हालातों की समीक्षा करते रहे, कोरोना संक्रमित होने के बावजूद उनकी समीक्षा बैठक जारी है, मुख्यमंत्री की सक्रीयता की वजह से उत्तर प्रदेश कोरोना की दूसरी लहर से निपटा और यूपी मॉडल की सभी ने तारीफ की।’

भाजपा विधायक पप्पू भरतौल ने कहा कि बसपा, सपा और कांग्रेस में जनता की सुरक्षा की कोई जिम्मेदारी नहीं लेता है। आज इन पार्टियों को जिन ब्राह्मणों की याद आ रही है उन्हीं का हक़ इनकी सरकार में छीना जाता है। भाजपा विधायक ने कहा है कि चाहे ब्राह्मण हो या कोई अन्य वर्ग, भाजपा राज में सभी सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा, ‘ब्राहमण शुरू से ही भाजपा और संघ के साथ रहा है और भाजपा से उसे कोई नाराज़गी नहीं है, अन्य वर्ग के लोगों को भी भाजपा ने अपने काम से संतुष्ट किया है।’

शिक्षक भर्ती मामले पर भी बोले भाजपा विधायक

पिछले 21 जून से धरने पर बैठे अभ्यर्थियों के मुद्दे पर विपक्षी पार्टी लगातार सरकार को घेर रही है। ऐसे में भाजपा विधायक पप्पू भरतौल ने कहा है कि धरना देने से रोज़गार नहीं मिलता। उन्होंने कहा, ‘अगर आप खुद को योग्य मानते हैं तो हमारी सरकार से आकर वार्ता करें, हम सबका साथ और सबका विश्वास लेकर सरकार चला रहे हैं। धरना और प्रदर्शन किसी भी समस्या का समाधान नहीं है। हमारी सरकार नौकरियां देने में कभी भी पीछे नहीं हटी है। अगर किसी को लगता है कि उसके साथ बेईमानी हुई है तो आकर वार्ता करे, दरवाज़े खुले हैं, सड़कों पर लेटकर प्रदर्शन करना, मुख्यालय और आवास का घेराव करना, किसी भी समस्या का हल नहीं है।

अभी 20-30 साल भाजपा की सरकार नहीं जाने वाली

भाजपा विधायक राजेश कुमार मिश्र उर्फ़ पप्पू भरतौल ने दावा किया है कि 2022 के चुनाव में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी को जनाधार मिलेगा और 300 से ज्यादा सीटें जीतकर भाजपा सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा, ‘हम सभी वर्गों को साथ लेकर चले हैं और हम सभी का विकास करने में जुटे हुए हैं, आज चाय बेचने वाले से भी आप पूछेंगे तो वो भाजपा की सरकार चाहता है। ऐसा इसलिए क्योंकि हमारी सरकार की योजनाएं उस तक पहुंची हैं। सभी को फ्री राशन देने का काम भाजपा सरकार ने किया है, आयुष्मान कार्ड के साथ सभी अपना बेहतर इलाज करा रहे हैं, सभी को मुफ्त वैक्सीन लगवाई जा रही है। हमें बताने की जरूरत हैं कि हमने क्या किया है, जनता खुद भाजपा के कामों को देख रही है।’

वहीं उन्होंने विपक्ष को सलाह दी है कि आने वाले 20 से 30 साल भाजपा की सरकार कहीं नहीं जाने वाली, विपक्ष कोई और काम ढूंढ ले। उसके लिए वही बेहतर होगा।     

Related posts

अल्मोड़ा: 2022 चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने कसी कमर, भाजपा भी चला रही है ‘हर-घर भाजपा अभियान’

Neetu Rajbhar

न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री जैसिंडा अर्डर्न को मंगेतर के साथ रेस्तरां जाना पड़ा भारी, बैठने तक की नहीं मिली जगह

Mamta Gautam

राजीव गांधी के इस एहसान के नीचे दबे थे अटल बिहारी वाजपेयी

Rani Naqvi