लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री और विधायक भी कोरोना की चपेट में आ रहे हैं। पिछले दिनों औरैया और लखनऊ पश्चिम से विधायक की कोरोना से मृत्यु हो गई। अब दो और विधायक संक्रमित हो गए हैं।
हस्तिनापुर के भाजपा विधायक पॉजिटिव
बीजेपी विधायक दिनेश खटीक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उनके परिवार के चार अन्य लोग भी संक्रमित हैं। ऐसे में सभी को घर पर ही आइसोलेशन में रखा गया है। स्थिति अभी सामान्य बनी हुई है। दिनेश खटीक हस्तिनापुर से भाजपा के चर्चित विधायक हैं। संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, हालांकि पिछले कुछ दिनों में रिकवरी रेट में भी भारी सुधार आया है।
विधायक संगीत सोम भी कोरोना संक्रमित
दिनेश खटीक के अलावा बीजेपी के विधायक संगीत सोम भी कोरोना संक्रमण का शिकार हो गए हैं। उनके परिवार में बेटा और बेटी को भी वायरस ने संक्रमित किया है। अगर मेरठ की बात करें तो सदर तहसील में 12 लेखपाल और कानूनगो अभी तक पॉजिटिव हो चुके हैं। 24 घंटे में 17 मरीजों की यहां कोरोना से मृत्यु हुई है। अकेले मेरठ में ही 1501 नए संक्रमित मामले सामने आए हैं।
इसके पहले बांदा मंडल कारागार में बंद मुख्तार अंसारी में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। इसके अतिरिक्त 26 अन्य लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उत्तर प्रदेश ही नहीं देश के कई हिस्सों में इस समय संक्रमण बहुत तेजी से फैल रहा है। इसीलिए लॉकडाउन और नाइट कर्फ्यू जैसे कई कदम उठाए जा रहे हैं।