लखनऊ: टोक्यो ओलंपिक में भारतीय बेटियां लगातार देश का नाम रोशन कर रही हैं। रविवार को जहां पीवी सिंधु ने ब्रोंज मेडल जीतकर इतिहास बनाया। वहीं सोमवार सुबह भारतीय महिला हॉकी टीम ने भी सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाई।
टोक्यो ओलंपिक में अद्वितीय प्रदर्शन करते हुए भारतीय महिला हॉकी टीम ने पहली बार ओलंपिक के सेमीफाइनल में प्रवेश सुनिश्चित किया है।
सम्पूर्ण देश को गौरवान्वित करने वाली इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए पूरी टीम को हार्दिक बधाई।
ईश्वर से कामना है कि आपकी सफलता का यह क्रम सतत जारी रहे।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) August 2, 2021
इस उपलब्धि पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी ट्वीट करके महिला हॉकी टीम को बधाई दी। उन्होंने भारतीय महिला हॉकी टीम के अद्वितीय प्रदर्शन की सराहना की और पहली बार ओलंपिक के सेमीफाइनल में प्रवेश करने पर बधाई दी। सीएम ने कहा कि सभी खिलाड़ियों ने देश का नाम रोशन किया है। यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, इसके लिए पूरी टीम को हार्दिक बधाई। भगवान से यही कामना है कि सफलता का यह सिलसिला आगे भी जारी रहे।
अर्जेंटीना से होगा सेमीफाइनल
सेमीफाइनल में बुधवार को भारतीय महिला हॉकी टीम का मुकाबला अर्जेंटीना से होगा। ऑस्ट्रेलिया को 1-0 से हराकर महिला टीम में इतिहास रच दिया। इससे खिलाड़ियों का मनोबल ऊंचा होगा और इस खेल के प्रति लोगों में दिलचस्पी भी बढ़ेगी।
महिलाओं की टीम से पहले पुरुष खिलाड़ियों ने भी बेहतर प्रदर्शन दिखाया और ओलंपिक में अपने सफर को जारी रखे हुए हैं। इस बार फिर हॉकी में भारतीय टीम से पदक की उम्मीद लगाई जा रही है। इसमें पुरुष और महिला दोनों वर्ग की टीमें शामिल हैं।