अयोध्याः एनएच-27 अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। हादसे में राम मंदिर दर्शन करने लखनऊ से जा रहे भक्तों से भरी कार सिलिंडर से भरे पिकअप में टकरा गई। हादसा रुदौली के पास हुआ। वहीं, टक्कर के बाद तेज रफ्तार कार पलट गई।
हादसे में कार में सवार 5 लोग बुरी तरह से जख्मी हो गए, इनमें दो महिलाओं सहित एक पुरुष को जिला अस्पताल इलाज के लिए ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। वहीं, दो लोग गंभीर रुप से घायल थे, जिन्हें स्थिति गंभीर देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया गया।
हादसे का शिकार हुई कार
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे एक तेज रफ्तार कार लखनऊ से अयोध्या की तरफ आ रही थी। कार सवार लोग अयोध्या दर्शन के लिए आ रहे थे। रुदौली के पास कृष्णा ढाबे के करीब तेज रफ्तार कार गैस सिलिंडर से लदी पिकअप से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के अंदर लगा एयर बैग भी फट गया। टक्कर के बाद कार पलट गई, जिसके कारण कार में सवार सभी पांचों लोग बुरी तरह से जख्मी हो गए।
आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य करते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल अयोध्या भेजा, जहां डॉक्टरों ने एक पुरुष और दो महिलाओं को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो बुरी तरह से जख्मी हैं।
हादसे के शिकार सभी लोग लखनऊ के सआदतगंज के रहने वाले हैं। यह लोग अयोध्या दर्शन के लिए आ रहे थे। बुरी तरह से जख्मी होने के कारण कोई भी व्यक्ति अपना सही नाम और पता नहीं बता पा रहा था। कार में मौजूद डॉक्यूमेंट्स के आधार पर पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है। घटना की वजह प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार बताई जा रही है।