नई दिल्ली : संभल यूपी पुलिस की एक और हैरान करने वाली खबर सामने आई है। पुलिस बदमाशों का पीछा करते-करते जंगल में पहुंच गई। जब पुलिस को लगा कि अब वो बदमाशों के काफी करीब हैं तो उन्होंने गोली चलाने के लिए पिस्तौल निकाली।
पिस्तौल हुई खराब
इस दौरान पुलिस वाले बदमाशों पर फायरिंग करने लगे तो दरोगा जी ने भी अपनी पिस्तौल निकाली और फायरिंग करने की कोशिश की पर लाख कोशिशों के बाद भी दरोगा जी की पिस्तौल नहीं चली। जब गोली नहीं चली तो, दरोगा जी ने मुंह से ही गोली चलने की आवाज निकालनी शुरू कर दी।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
इस घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें दरोगा जी मुंह से ही ठांय-ठांय की आवाज निकालकर बदमाशों को ललकार रहे हैं। घटना शुक्रवार की है, जहां असमोली थाने की पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। गोली नहीं चलाए जाने के बाद भी पुलिस ने 25 हजार का इनामी घायल बदमाश को गिरफ्तार कर लिया।
बदमाश से पूछताछ कर रही है पुलिस
इस मुठभेड़ में इंस्पेक्टर और सिपाही गोली लगने से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि बदमाश का दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब हो गया। पुलिस इनामी बदमाश से पूछताछ कर रही है।
गिरफ्तार बदमाश के पास से लूट की स्कार्पियो सहित 315 बोर का तमंचा और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। बदमाश मुदित शर्मा पर एक दर्जन से अधिक संगीन मामलों के केस दर्ज है। लेकिन अब गोली नहीं चल पाने पर मुंह से ठांय-ठांय की आवाज निकालकर बदमाश को ललकारने पर संभल पुलिस ट्रोल हो रही है।