हैदराबाद। तेलंगाना से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। एक पिता ने अपने बेटे का हाथ काट दिया। दरअसल वह इस बात से नाराज और गुस्सा था कि लड़का मोबाइल पर गंदी फिल्में देखता रहता था। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी पिता कय्यूम कुरैशी पेशे से कसाई है। कुरैशी अपने बेटे की अपने काम और स्वास्थ्य को ताक में रखकर फिल्म और पोर्न देखने की आदत से खफा था। पुलिस ने बताया कि हाथ कलाई से थोड़ा ऊपर से काटा गया है, जिसके फिर से सही हालत में आने की उम्मीद न के बराबर है।
बता दें कि पहाड़ी शरीफ थाने के निरीक्षक पी लक्ष्मीकांत रेड्डी ने बताया कि कुरैशी ने कल रात अपने 18 साल के बेटे का दायां हाथ कलाई से काट दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित केबल ऑपरेटर का काम करता है और उसने हाल में स्मार्ट फोन खरीदा था। वह मोबाइल पर फिल्में देखता रहता था। उसके पिता ने इसे लेकर उसे कई बार चेतावनी भी दी थी। पिता- पुत्र की दो दिन पहले इसी बात पर तीखी बहस हुई थी। बहस के दौरान बेटे ने कथित रूप से कुरैशी को काट लिया था। पुलिस निरीक्षक ने बताया कि कल रात जब उसका बेटा सो रहा था तब कुरैशी ने उसका दायां हाथ छुरी से काट दिया।
वहीं पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित की मां ने पुलिस में आज शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कुरैशी को भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या की कोशिश) के तहत गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि बेटे का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत स्थिर है।