कसौली। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला की पहाड़ियों की गोद में बसे पर्वतीय शहर कसौली में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दरअसल कसौली में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर अवैध निर्माण हटवाने गई एक सरकारी महिला अधिकारी की दिन दहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई है। बताया जा रहा है कि अवैध होटाल को हटाने पहुंचे सरकारी दस्ते पर होटल मालिक ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दी, जिसमें महिला अधिकारी के सिर में गोली लगी और उनकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद से ही होटल मालिक फरार हो गया है। मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार दोपहर करीब 2 बजकर 45 मिनट पर नारायणी गेस्ट हाउस के मालिक विजय कुमार ने फायरिंग की, जिसमें टाऊन एंड कंट्री प्लानर शौलबाला और मजदूर गुलाब सिंह को गोली लग गई। महिला अधिकारी और मजदूर को अस्पताल में भर्ती करवाया गया, लेकिन वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने महिला अधिकारी को मृत घोषित कर दिया।
शैलबाला के सिर में गोली लगने से मौत हो गई जब कि मजदूर गुलाब सिंह को छाती में गोली लगी है। गोली चलाने के बाद विजय कुमार फरार हो गया। हिमाचल के धर्मपुर पुलिस स्टेशन में सहायक टाउन कंट्री प्लानर शैलबाला की हत्या का केस दर्ज किया गया। घटना में घायल गुलाब सिंह को पीजीआई चंडीगढ के लिए रैफर किया गया है। वहीं, पुलिस विजय कुमार को तलाश करने में जुट गई है। हथियार के बारे में अभी तक कोई पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि गोली नजदीक से चलाई गई है।