Breaking News यूपी

उत्तराखंड की सभी सीटों पर लड़ेगी सपा: राजेंद्र चौधरी

WhatsApp Image 2021 09 05 at 6.35.25 PM उत्तराखंड की सभी सीटों पर लड़ेगी सपा: राजेंद्र चौधरी

लखनऊ। समाजवादी पार्टी उत्तराखंड की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक रविवार को सम्पन्न हुई। समाजवादी पार्टी उत्तराखंड प्रभारी पूर्व कैबिनेट मंत्री, मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने डॉ0 राममनोहर लोहिया के चित्र पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्ज्वलन कर बैठक की शुरुआत की।

उत्तराखंड प्रदेश कार्यसमिति के पदाधिकारियों को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का स्पष्ट लक्ष्य है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा उत्तराखंड की सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। चुनाव की तैयारी चल रही है, प्रत्याशियों के आवेदन लिए जा रहे हैं। प्रत्याशी का अंतिम निर्णय राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव करेंगे।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में दो दशकों की राज्य सरकार ने जन आकांक्षाओं के अनुरूप कार्य नहीं किया है। निर्वाचित सरकारों ने जनता में निराशा पैदा की है। उत्तराखंड का विकास ठप्प है। पलायन का स्थाई समाधान नही हो रहा है। प्रदेश में गरीबी बढ़ती जा रही है। किसान-छोटे व्यापारी त्रस्त हैं। प्रदेश सरकार द्वारा नौकरी और रोजगार सृजन के दावे हवा हवाई साबित हो रहे हैं। सिर्फ विज्ञापनों से भ्रम फैलाया जा रहा है। पांच साल में भाजपा के तीन मुख्यमंत्री बन चुके। वे सरकार चलाने में असफल हैं।

WhatsApp Image 2021 09 05 at 6.35.25 PM 1 उत्तराखंड की सभी सीटों पर लड़ेगी सपा: राजेंद्र चौधरी

राजेद्र चौधरी ने कहा कि उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार बनेगी तभी राज्य का विकास होगा। लेकिन पिछले पांच वर्षों में डबल इंजन का पता ही नही चला। यह शिपयार्ड में है या जंग खा चुका है। चौधरी ने कहा कि उत्तराखंड में गांव के गांव खाली हो रहे हैं। पलायन का यह शर्मनाक स्वरूप है। सपा का मानना है कि आर्थिक नीतियां जनसापेक्ष होने पर ही सरकार सफल हो सकती है। लूट खसोट और हवा हवाई बात करने से जनता में सिर्फ निराशा फैली है। उत्तराखंड में समाजवादी पार्टी जनता के सामने विकल्प बने इस दिशा में प्रयास हो रहा है। संगठनात्मक और बूथ स्तर पर सपा की मजबूती के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों में राजनैतिक कार्यक्रम लगातार चल रहे हैं।

समाजवादी पार्टी की तरफ से प्रदेश प्रभारी राजेंद्र चौधरी ने उत्तराखंडवासियों को भरोसा दिलाया कि उत्तराखंड राज्य निर्माण का जो सपना देखा गया था उसे पूरा करने के लिए समाजवादी पार्टी पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेगी। यूपी में पांच वर्ष के कार्यकाल में अखिलेश यादव ने जैसा विकास कार्य किया वैसा केंद्र की भाजपा सरकार भी नहीं कर सकी। इस दौरान प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में उत्तराखंड में 2022 में समाजवादी सरकार बनाने और प्रदेश स्तरीय कार्यशाला कराने का प्रस्ताव पारित हुआ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सत्य नारायण सचान सहित प्रमुख महासचिव शोएब अहमद, प्रदेश उपाध्यक्ष एडवोकेट सुरेश परिहार एवं अवतार सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष एस के राय, प्रदेश मुख्य प्रवक्ता सुभाष पवार, महासचिव प्रो.आर के पाठक, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष लोहिया वाहिनी चंद्रशेखर यादव, प्रमोद बिष्ट सहित अन्य प्रमुख लोगों ने प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक को सम्बोधित किया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष यूथ ब्रिगेड सिद्धार्थ सिंह, मशकूर कुरैशी, डॉ राजेन्द्र पराशर, हेमा बोरा, डॉ रेखा यादव, प्रो. भुवन चन्द्र जोशी, अनिल केहड़ा,  फुरकान कुरैशी, सरदार कुलदीप भुल्लर, गुरजीत सिंह पन्नू, हमीद गांधी, राष्ट्रीय महासचिव युवजन सभा उदय प्रकाश, अरविंद यादव, आशीष यादव, सुरेश, रवि छाबड़ा, टोनी पठान, महंत शुभम गिरी, नासिर मंसूरी, श्रवण शंखधर, लवदत्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। बैठक का संचालन प्रदेश महासचिव संजय सिंह और संयोजन जिला अध्यक्ष योगेन्द्र यादव ने किया।

Related posts

पाकिस्तान में ही छिपा है अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम : रवीश कुमार

bharatkhabar

उन्नाव: सुरक्षा व्यवस्था के बीच लड़की का हुआ अंतिम संस्कार, भारी संख्या में ग्रामीणों का जमावड़ा

Aditya Mishra

अन्य पिछड़ा वर्ग सम्मेलन में भाजपा ने दिखाई ताकत

piyush shukla