बाराबंकी। बाराबंकी पुलिस लाइन से एक दर्दनाक खबर सामने आई है जहां एक सिपाही ने अपने बैरक में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पुलिस लाइन में हड़कंप मच गया।
दर्द से तड़प रहा था सिपाही
शोर सुनते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि खून से लथपथ सिपाही सोनू दर्द से तड़प रहा था। वहीं जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद मौके पर पहुंचे और वारदात स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस लाइन में बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
झारखंड से ड्यूटी करके लौटा था
जानकारी के अनुसार 28 साल का सिपाही सोनू झारखंड से ड्यूटी करके पुलिस लाइन लौटा था। इससे पहले उसकी तैनाती गोंडा में थी। वो 2014 बैच का सिपाही था। बाराबंकी पुलिस लाइन में ही उसकी ड्यूटी लगाई गई थी।
पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने बताया कि पुलिस लाइन में बेहद दुखद घटना हुई है। उन्होंने कहा कि हमारे एक सिपाही ने आत्महत्या कर ली है। उन्होंने बताया कि ड्यूटी पर होने की वजह से इंसास राइफल सिपाही के पास थी। इसी रायफल से उसने आत्महत्या की है।
परिजनों को दी गई सूचना
एसपी ने कहा कि घटना की छानबीन की जा रही है जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके हिसाब से आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सिपाही ने आत्महत्या क्यों की इसका खुलासा फिलहाल नहीं हो सका है। उन्होंने बताया कि सिपाही के परिवार को घटना की सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।