रांची। सरायकेला खरसावां के डीसी ऑफिस के पास स्थिति सरकारी गेस्ट हाउस के निकट शनिवार की सुबह 5 लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गयी। सभी लोगों की मौत शुक्रवार की देर रात एक सड़क दुर्घटना में हुई बतायी जाती है। बताया जाता है कि मृतकों में दो बिजली विभाग के अधिकारी और तीन कर्मचारी थे। इनकी पहचान बिजली विभाग जमशेदपुर के ट्रांसमिशन लाइन के एइ अमित दुबे, जेइ बिपिन बिहारी सिंह, टेक्नीशियन गणेश महतो, खलासी रंजीत कुमार चौधरी और पारसनाथ चतम्बा के रूप में हुई है।
नया ट्रांसफॉर्मर लगाने जमशेदपुर से चाईबासा गये थे
बता दें कि ये सभी लोग चाईबासा में पावर ग्रिड में नया ट्रांसफॉर्मर लगाने जमशेदपुर से चाईबासा गये थे। वहां से लौटने के क्रम में डीडीसी आवास के सामने ट्रक से इनकी गाड़ी की टक्कर हो गयी। टक्कर इतनी भयानक थी कि 5 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। ड्राइवर की स्थिति भी गंभीर है। घटना शुक्रवार देर रात लगभग 12:30 बजे की है। जिसके बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।