Breaking News featured यूपी

‘आम आदमी के हक की लड़ाई लड़ उसे न्याय दिलाती है कांग्रेस’

‘आम आदमी के हक की लड़ाई लड़ उसे न्याय दिलाती है कांग्रेस’

लखनऊ: कांग्रेस की नीतियों और प्रियंका गांधी के नेतृत्व से प्रभावित होकर समाजवादी पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल यादव ने शनिवार को कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। अनिल यादव के साथ उनके तमाम साथी भी कांग्रेस में शामिल हुए। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने खुद उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई है। इस दौरान कांग्रेस एमएलसी दीपक सिंह भी मौजूद रहे।

‘प्रियंका गांधी के पास है सवाल पूछने की ताकत’

पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद अनिल यादव ने कहा कि, आज प्रियंका गांधी ही एक ऐसी नेता हैं जो मुख्यमंत्री से सीधा सवाल करने की हिम्मत रखती हैं। वे हर मोर्चे पर आवाज़ बुलंद करती हैं, सोशल मीडिया के साथ-साथ वे जमीन पर उतरकर संघर्ष करती हैं। साथ ही उन्होंने कांग्रेस और पार्टी के कार्यकर्ताओं की भी तारीफ की और कहा कि प्रदेश में कांग्रेस ही एकमात्र राजनीतिक पार्टी है जो हर मुद्दे पर सरकार को घेरने और प्रश्न पूछने का काम कर रही है।

सभी कांग्रेसियों का धन्यवाद- अनिल यादव

सपा के पूर्व प्रवक्ता अनिल यादव ने प्रियंका गांधी, प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और कांग्रेस एमएलसी दीपक सिंह को धन्यवाद दिया और कहा कि मुझपर भरोसा जताने के लिए सभी कांग्रेसियों का आभार।

यूपी में सशक्त विपक्ष के रूप में काम कर रहीं प्रियंका- अजय लल्लू

वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी सशक्त विपक्ष के रूप में संघर्ष कर रही है। कांग्रेस की नीतियों और शीर्ष नेतृत्व से आकर्षित होकर अनिल यादव ने आज पार्टी की सदस्यता ली है। उन्होंने कहा कि, अनिल यादव का राजनीतिक सफर संघर्षों भरा रहा है और कांग्रेस पार्टी संघर्षों के लिए ही जानी जाती है। अनिल यादव और उनके साथियों के दल में शामिल होने से संघर्ष को एक नई दिशा प्राप्त होगी।

‘आम आदमी के हक की लड़ाई लड़ उसे न्याय दिलाती है कांग्रेस’

सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष कर रही कांग्रेस

वहीं अजय कुमार लल्लू ने प्रदेश की वर्तमान स्थिति पर बात करते हुए कहा कि, उत्तर प्रदेश के हालात ठीक नहीं हैं। महंगाई चरम सीमा पर है, बेरोजगारों की संख्या में लगातार इजाफा होता जा रहा है। कानून व्यवस्था के नाम पर उत्तर प्रदेश में जंगलराज है। उन्होंने कहा कि हम सड़क से लेकर सदन तक इन मुद्दों को उठाते हैं। सरकार की दमनकारी नीतियों का हम विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि, सरकार हमें जेल भेजे या हम पर मुक़दमे लिखे, हम डरने वाले नहीं हैं।

2022 में कांग्रेस को मिलेगा जनता का आशीर्वाद

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा है कि 2022 के चुनाव में जनता का आशीर्वाद कांग्रेस के खाते में जाएगा। उन्होंने कहा है कि भाजपा का जाना तय है। भाजपा जनता के साथ आइस-पाइस खेल रही है, जनता का ध्यान भटकाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा है कि सदन में भले ही हमारी संख्या कम है लेकिन जनता के हक के लिए हमारे हर-एक कार्यकर्ता ने संघर्ष किया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा है कि पिछले दो सालों में सरकार ने मुझपर 70 से अधिक मुकदमे लिखे हैं लेकिन मैं डरने वाला नहीं हूं क्योंकि राजनीति में मुक़दमे सिर का ताज होते हैं।

Related posts

प्रधानमंत्री आवास योजना में हो रही घोटालेबाजी, अधिकारियों के चक्कर लगाने को मजबूर गरीब

Shailendra Singh

NCB हैदराबाद ने पकड़ी 3 किलो सुडोफेड्रिन ड्रग्स

Rahul

यूपी में बढ़ेगी कोरोना टेस्टिंग की क्षमता, 11 और RT-PCR लैब्स की शुरुआत

Shailendra Singh