बेंगलुरू। बेंगलूरू में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एक कार्यकर्ता की दिनदहाड़े दो बाइक सवार बदमाशों ने हत्या कर दी। खबरों के अनुसार 35 वर्षीय रुद्रेश आर के ‘पथ संचलन’ से वापस आते वक्त दो बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोका और चाकू से घोप-घोप कर मार डाला। बता दें रूद्रेश शिवाजी नगर से बीजेपी सचिव और शाखा के मंडल अध्यक्ष भी थे।
सूचना के अनुसार जब रूद्रेश सुबह 11 बजे के आस-पास पथ संचलन से वापस आ रहे थे, उन्होंने अपनी बाइक रास्ते में एक फोटोकापी की दुकान पर रोकी और तभी दो बाइक सवारों ने उन पर हमला कर दिया। उस समय उनके साथ उनके दो अन्य दोस्त भी मौजूद थे। हमले के बाद उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहाँ उन्हें मृत बताया गया।
संघ के कार्यकर्ता की मृत्यु की खबर क्षेत्र में फैलते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और आक्रोशित आरएसएस कार्यकर्ताओं ने सड़को पर जाम लगा दिया। घटना के विरोध में इन कार्यकर्ताओं ने कमर्शल रोड पुलिस स्टेशन पर धरना प्रदर्शन कर दिया। ये कार्यकर्ता रुद्रेश के कातिलों को जल्द ही गिरफ्तार करने की मांग कर रहे है।