मेरठ। मेरठ में बदमाशों के हौसले दिन पर दिन बुलंद होते जा रहे हैं। सोमवार देर रात बदमाशों ने देहात के जानी थाना क्षेत्र में एक पशु व्यापारी के घर में धावा बोलते हुए करोडों की लूट-पाट की घटना को अंजाम दिया। हथियारों से लैस बदमाशों ने पहले पशु व्यापारी को बंधक बनाया फिर उसकी पिटाई कर इस वारदात को अंजाम दे फरार हो गये।
मामला मेरठ के देहात इलाके के जानी थाना क्षेत्र अन्तर्गत रसूलपुर धौलड़ी का है। जहां देर रात एक पशु व्यापारी के साथ घटना को अंजाम दिया गया। रसूलपुर धौलड़ी इलाके में आस मोहम्मद अपने पांच भाईयों के साथ रहता है। देर रात करीब 12 बजे एक दर्जन से अधिक हथियार बंद बदमाशों ने उनके घर पर धावा बोलकर सो रहे परिवार के सदस्यों को बंधक बना लिया। इसका विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई।
पीड़ित परिवार ने जानकारी देते हुए बताया कि बदमाश करीब ढाई किलो सोने के जेवर और अन्य सामान के साथ करीब साढ़े सोलह लाख रुपये नकद लूट कर ले गये है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमा आनन-फानन में घटना स्थवल पर पहुंचा। घटना की गुथ्थी सुलझाने के लिए डॉग स्कवायड,फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम से मदद ली जा रही है। मौके पर एसपी देहात प्रवीन रंजन सहित अन्य अधिकारी छानबीन कर रहे हैं।
(राहुल गुप्ता, संवाददाता)