अम्बाला। राष्ट्रपति बनने के बाद शनिवार को पहली बार हरियाणा पहुंचे रामनाथ कोविंद का जोरदार स्वागत हुआ। राज्य के राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोंलकी, मुख्यमंत्री मनोहर लाल समेत कई प्रमुख लोगों ने उनका एयरफोर्स स्टेशन पर स्वागत किया।
बता दें कि मुख्यमंत्री ने इस मौके पर राष्ट्रपति को प्रदेश की सामाजिक व भौगोलिक स्थिति के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर अम्बाला सैन्य मुख्यालय के जीओसी जेएस नेगी, हरियाणा के अतिरिक्त महानिदेशक (कानून व्यवस्था) अकिल मोहम्मद, उपायुक्त शरणदीप कौर बराड़, एयरफोर्स स्टेशन के एयर कमांडर एलके चावला, मेयर रमेशलाल मल, पुलिस अधीक्षक अभिषेक जोरवाल, अतिरिक्त उपायुक्त आरके सिंह, एसडीएम सुभाष चन्द्र सिहाग सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।
वहीं राष्ट्रपति कोविंद यहां से राज्यपाल व मुख्यमंत्री के साथ सांसद रतनलाल कटारिया की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए सड़क मार्ग से रवाना हुए। नव दंपति को शुभकामनाएं देने के बाद राष्ट्रपति, राज्यपाल व मुख्यमंत्री वायुमार्ग से अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती समारोह, कुरुक्षेत्र में शामिल होने के लिए रवाना हुए।