क्या शिमला में प्रियंका गांधी का बंगला तोड़ दिया जाएगा, जानें भाजपा नेता ने क्या कहा

- भारत खबर || नई दिल्ली
महाराष्ट्र सरकार और कंगना रनोत के बीच ठनी रार अब हिमाचल में भी सुर्खियां बटोर रही है। हिमाचल की बेटी का बंगला मुंबई में ढहाये जाने के बाद हिमाचल के लोगों में खास गुस्सा देखा जा रहा है। बीएमसी के कार्यवाही के बाद गुरुवार को बीजेपी महिला मोर्चा ने कंगना रनौत के समर्थन में धरना प्रदर्शन किया और उन्होंने प्रियंका गांधी के बंगले को गिराने का आह्वान किया।
प्रियंका गांधी ने शिमला के एक हाईप्रोफाइल इलाके में अपना बंगला बनवाया हुआ है जो राष्ट्रपति के ग्रीष्मकालीन आवास रिट्रीट के नजदीक स्थित है। इसमें कई सारी लग्जरियस कॉटेज भी बने हुए हैं और भारतीय जनता पार्टी की महिला मोर्चा की पदाधिकारी ने इसी बंगले को गिराने का आह्वान किया है।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी कंगना का समर्थन करते हुए महाराज सरकार पर निशाना साधा है लेकिन सीएम जयराम ठाकुर ने भाजपा की महिला पदाधिकारी के बयान पर असहमति जाहिर की है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से हिमाचल की बेटी कंगना को महाराष्ट्र सरकार द्वारा निशाना बनाया गया है, हम उसकी आलोचना करते हैं लेकिन हम इस बयान (महिला मोर्चा चीफ के बयान) का भी समर्थन नहीं करते हैं।
प्रियंका गांधी ने साल 2007 में यह प्लॉट खरीदा था। उस दौरान तत्कालीन हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रियंका गांधी और उनके परिवार को भूमि की खरीद संबंधी कई छूट दी थीं। शिमला स्थित बंगले को लेकर साल 2017 में हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने प्रियंका गांधी वाड्रा को नोटिस भी जारी किया था। दरअसल तत्कालीन हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा प्रियंका गांधी और उनके परिवार को दी गई छूट के संबंध में डिटेल जानकारी देने के लिए दाखिल की गई याचिका पर कोर्ट ने यह नोटिस जारी किया था।