सहारनपुर। सहरानपुर पुलिस की अभिरक्षा से आज फिर 3 कैदी फरार हुए जो कि गैंगस्टर एक्ट में जेल में बंद थे। ठीक 24 घंटे पहले कल ही चार बंदी न्यायलय परिसर से हवालात की रोशनदान की जाली तोड़कर फरार हुए थे। उसके बाद भी इस घटना से पुलिस महकमे की लापरवाही साफ़ उजागर हो रही है।
रोजाना की तरह आज भी न्यायलय परिसर से कैदियों को सहारनपुर जेल ले जाया जा रहा था। जैसे ही कैदियों से भरी गाड़ी सहारनपुर के देहरादून चौक पर पहुंची कि कैदियों के इस वाहन से 3 कैदी कूदकर फरार हो गए। उनको कूदते देख कई लोगों ने उनका पीछा किया और एक को कुछ ही दूरी पर दबोच लिया और पुलिस को सौंप दिया। ये तीनो पुलिस गाड़ी की जाली तोड़कर फरार हुए थे।
सहारनपुर में 24 घंटे के अन्दर ये दूसरी घटना घटित हुई है लेकिन पुलिस का महकमा इस पर कुछ भी नही कर पा रहा है। जहाँ यूपी में चुनाव की घोषणा हो चुकी है उसके बाद भी ऐसे बड़े क्रिमनल पुलिस को गच्चा देकर बड़ी आसानी से फरार हो रहे हैं। कल भी जो 4 कैदी पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए थे उनके अभी तक पुलिस के पास कोई सुराग नही है। सहारनपुर के क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम जो अब तक चोरों को पकड़कर वाह-वाही लूट रहे थे । उनके भी हाथ इस घटना में खाली हैं।
जब इस बाबत एसएसपी से बात करनी चाही तो वो मौके से मीडिया को गच्चा देकर फरार हो गए। वहीं सहारनपुर के ए एस पी ने कार्यवाही और चेकिंग की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ लिया। कल से अब तक जो भी ये 6 अपराधी पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए हैं वो कई हत्याओं के साथ साथ लूट डकैती किडनैपिंग और फिरौती के मामलों में संलिप्त हैं।
विशाल कश्पय, संवाददाता