बागेश्वर। राज्य सभा सांसद प्रदीप टम्टा ने भाजपा सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि प्रदेश की जनता के साथ वर्तमान सरकार अन्याय कर रही है। बिना सोच समझे व जनता की राय जाने उनपर विकास प्राधिकरण थोप कर पहाड़ की जनता के हक-हकूक को मारने का काम कर रही है। बीते मंगलवार को राज्य सभा सांसद प्रदीप टम्टा ने पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक में भाजपा सरकार की नीतियों की निंदा की। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण के नियम जटिल हैं। लोग एक अदद घर तक नहीं बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि पहाड़ में भूमि की कमी है। वन विभाग के पास 66 से अधिक प्रतिशत भूमि है। आम आदमी प्राधिकरण के दायरे में आ गया है।

बता दें कि जनता को हाईवे से दो सौ मीटर के दायरे में मकान बनाना भी अब जटिल प्रक्रिया हो गई है। लोगों को घर बनाना मुश्किल होगा। इसके लिए परमिशन लेनी होगी। उन्होंने कहा कि गरुड़ में सूखे से किसानों की फसल बर्बाद हो गई है। उन्हें मुआवजा तक नहीं मिल सका है। सांसद ने कहा कि गरुड़ विकास खंड को प्रदेश सरकार सूखा घोषित करने की मांग करते हुए कहा कि अगर सरकार इस ओर ध्यान नही दिया तो जल्द गांधी चबूतरे पर कांग्रेस प्रदर्शन करेगी।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में जनता महंगाई से परेशान है। नोटबंदी, जीएसटी से लोग उबर नही पा रहे है। ऐसे में सरकार के प्रति लोगों का विश्वास घटा है। आगामी आने वाले चुनावों में जनता सरकार को धूल चटाएंगी। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख भरत फर्स्वाण, लक्ष्मण राम आर्य, रंजीत दास, रंजीत डसीला, भुवन पाठक, प्रकाश कोहली, नरेंद्र आर्य, संजय फर्स्वाण आदि मौजूद थे।