पाकिस्तान की व्यापारिक राजधानी कहे जाने वाले कराची शहर में एक यात्री विमान क्रैश हो गया है। ये विमान पाकिस्तान की राष्ट्रीय एयरलाइन कंपनी पीआईए का था।
कराची। पाकिस्तान की व्यापारिक राजधानी कहे जाने वाले कराची शहर में एक यात्री विमान क्रैश हो गया है। ये विमान पाकिस्तान की राष्ट्रीय एयरलाइन कंपनी पीआईए का था जो कि कराची एयरपोर्ट पर लैंड करने वाला था। इस हादसे के बाद घटनास्थल से काला धुआँ निकलता हुआ देखा जा रहा है। पाकिस्तान सरकार की ओर से अब तक इस हादसे में मरने या घायल होने वालों से जुड़ी कोई सूचना नहीं दी है। पाकिस्तान में कोरोना वायरस की वजह से लगाए गए लॉकडाउन खोले जाने के बाद एक बार फिर हवाई उड़ानें शुरू की गई हैं।
विमान में सवार थे कितने लोग
अधिकारियों के मुताबिक़, इस विमान में 107 लोग थे। विमान में 99 यात्री और चालक दल के आठ लोग सवार थे। पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस का ये विमान एयरबस A-320 PK8303 दोपहर 1 बजे लाहौर से रवाना हुआ था। इसके बाद कराची एयरपोर्ट पर लैंडिंग से ठीक पहले ये विमान रिहाइशी इलाके मॉडल कॉलोनी में गिर गया जो कि एयरपोर्ट से काफ़ी नज़दीक स्थित है। इस दुर्घटना के बाद रिकॉर्ड किए गए वीडियोज़ में गली में खड़ी हुईं गाड़ियां जलती हुई दिखाई दे रही हैं।
https://www.bharatkhabar.com/nasa-scientists-detect-evidence-of-parallel-universe/
पाकिस्तान का ‘तीसरा सबसे बड़ा’ हादसा
हवाई दुर्घटनाओं के आंकड़े जुटाने वाली संस्था एयरक्राफ़्ट क्रैश रिकॉर्ड ऑफ़िस के मुताबिक़, पाकिस्तान में अब तक अस्सी से ज़्यादा विमान दुर्घटनाएं हो चुकी हैं जिनमें एक हज़ार से ज़्यादा लोग मारे जा चुके हैं। पाकिस्तान में सबसे बड़ा हादसा 28 जुलाई 2010 को हुआ था। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के पास हुए इस हादसे में 152 लोग मारे गए थे। 20 अप्रैल 2012 को इस्लामाबाद में ही हुए एक अन्य विमान हादसे में 127 लोगों की मौत हुई थी।