बिहार। गया के सिविल लाइंस थानाक्षेत्र में पुलिस ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। गुजरात में साल 2008 में बम ब्लास्ट हुआ था। पुलिस को आशंका है कि उनमें से एक संदिग्ध के तार उस ब्लास्ट के साथ जुड़े हुए हैं। अभी तक एक ही संदिग्ध के बारे में कुछ जानकारी हाथ लग पाई है। जानकारी के अनुसार वह संदिग्ध गया में अपनी पहचान छिपा कर रह रहा था।
दरअसल वह एक साइबर कैफे में इंटरनेट का उपयोग करने के लिए आता था लेकिन उसके पास कोई आईडी कार्ड नहीं था। बार बार मांगने के बाद भी वह अपनी पहचान नहीं बताता था। जिसके बाद पुलिस को कैफे के मालिक ने उसकी सूचना दे दी। बिहार एटीएस टीम ने उस संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया, बिहार एटीएस ने गुजरात एटीएम टीम को इस बात की सूचना दे दी है। गुरुवार को गुजरात एटीएस टीम बिहार पहुंच रही है। पुलिस ने संदिग्ध को गिरफ्तार करने के साथ आस पास के इलाकों में गश्त देना शुरू कर दिया है।
बिहार एटीएस ने एक स्थानीय युवक को भी इस मामले में गिरफ्तार किया है लेकिन अभी तक उसके बारे में कोई जानकारी हाथ नहीं लग पाई है। पुलिस दोनों से पूछताछ में जुट गई है। पुलिस इस बात की भी खोज कर रही है कि वह इंटरनेट पर क्या सर्फिंग करता था। जानकारी के अनुसार दोनों आरोपियों का दावा है कि वह डोभी के करमौनी गांव के रहने वाले हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।