इस्लामाबाद। भारत के द्वारा किए गए सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान और भारत के रिश्तों पर तनाव के चलते अब इसका असर कला और संस्कृति पर भी पड़ता साफ दिखाई दे रहा है। जहां एक ओर भारत में पाकिस्तान के कलाकारों को देश से बाहर निकालने की मुहिम ने जोर पकड़ा तो अब वहीं ऐसी खबर आ रही हैं कि पाकिस्तान की इलेक्ट्रानिक मीडिया रेगुलेशन अथॉरिटी (पेमरा) ने बुधवार को भारतीय टीवी सीरियल को पाकिस्तान में दिखाए जाने पर बैन लगा दिया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पाकिस्तान की इलेक्ट्रानिक मीडिया रेगुलेशन अथॉरिटी ने ये फैसला एक बैठक के दौरान लिया। इस फैसले के चलते 21 अक्टूबर शाम 3 बजे से भारतीय टीवी सीरियल के साथ-साथ रेडियों के प्रसारण नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही चेतावनी जारी करते हुए कहा गया है कि इस कानून का उल्लंघन करने वालों का लाइसेंस भी रद्ध किया जा सकता है।
बता दें कि पाकिस्तान द्वारा पहले भी साल 2006 में भारतीय मीडिया को बैन कर दिया गया था। गौरतलब है कि पाकिस्तान में कई भारतीय सीरियल्स का प्रसारण होता है और वहां पर भारतीय कलाकारों की बहुत ज्यादा फैन फॉलोइंग है। हालांकि कुछ दिन पहले भारत में भी एक चैनल को बंद किया गया है जिसमें पाकिस्तान के सीरियल्स को प्रसारित किया जा रहा था।