featured यूपी

यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में भाजपा से कोसों दूर अन्य विपक्षी दल

भाजपा से कोसों दूर अन्य विपक्षी दल

Brij Nandan

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2022 की तैयारियों को लेकर भाजपा पूरे चुनावी मोड़ में आ गयी है। भाजपा प्रदेश स्तर से लेकर अंतिम इकाई बूथ स्तर तक तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है और चुनाव से संबंधित जिम्मेदारियों भी प्रदान कर दी है। वहीं उत्तर प्रदेश के अन्य विपक्षी दल सपा,बसपा और कांग्रेस भाजपा से चुनाव तैयारियों की दृष्टि से काफी पीछे हैं। बसपा जहां अभी तक केवल प्रदेश में ब्राह्मण सम्मेलनों का आयोजन की है। बसपा के कार्यकर्ता प्रत्येक ग्राम सभा में हैं जरूर लेकिन अभी संगठन नहीं बन पाया है। वहीं सपा अभी केवल जन यात्रा निकालने की सोच रही है। सपा ने अभी सभी फ्रन्टल संगठनों के पदाधिकारियों की घोषणा तक भी नहीं कर पायी है। सभी विधानसभाओं में अभी सपा के फ्रन्टल संगठनों को कार्यकर्ता भी नहीं मिल पाये हैं। वहीं बूथ स्तर की बात करें तो अभी सपा को बूथ लेवल तक पहुंचने में काफी समय लगेगा। वहीं अगर कांग्रेस की बात करें तो कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समय-समय पर महंगाई व किसानों के मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन करते रहते हैं लेकिन अगर विधानसभा चुनाव की दृष्टि से देखें तो अभी कांग्रेस ने केवल प्रशिक्षण से पराक्रम अभियान शुरू किया है।

चुनावी तैयारियों में अन्य दलों से कैसे आगे है भाजपा
भाजपा ने चुनाव की दृष्टि से प्रदेश स्तर से लेकर जिला स्तर तक सभी मोर्चा व प्रकोष्ठों का गठन कर दिया है। सभी मोर्चे के पदाधिकारियों को चुनाव संबंधी जिम्मेदारी भी प्रदान कर दी गयी है। भाजपा से जुड़े मोर्चा व प्रकोष्ठों ने अपने-अपने कार्यक्रम भी शुरू कर दिया है। भाजपा ने प्रदेशभर में जन आशीर्वाद यात्रा के माध्यम से सभी जिलों में जनसभाओं के माध्यम से चुनावी माहौल भी बना दिया है। इसके अलावा प्रदेश की सभी विधानसभा में भाजपा ने विधानसभा प्रभारी घोषित कर दिया है। वहीं सभी 403 विधानसभाओं में भाजपा ने विस्तारक भी भेज दिया है। भाजपा द्वारा भेजे गये विस्तारक गांव-गांव जाकर बूथस्तरीय संरचना को मजबूती प्रदान कर रहे हैं। इसके अलावा स्थानीय सांसदो,जिला पंचायत अध्यक्षों और ब्लाक प्रमुखों को भी लगाया गया है। भाजपा इस समय प्रदेशभर में बूथ समिति का सत्यापन कर रही है। बूथ समिति के सत्यापन में भाजपा के मंत्री,विधायक,सांसद और पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं को लगाया गया है। बूथ समिति के सत्यापन के बाद भाजपा पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति करेगी।

जनता के साथ सतत संवाद रखती है भाजपा – हरीश श्रीवास्तव
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि यूपी में जितने भी राजनीतिक दल हैं उनमें सबसे अधिक सदस्य संख्या वाला दल भाजपा है। भाजपा का लक्ष्य और संकल्प सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी जाति धर्म व वर्ग के लोगों का प्रतिनिधित्व हो, सबकी भागीदारी हो और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता हो पार्टी का नेतृत्व इसको लेकर चलता है। भाजपा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अन्त्योदय के पथ पर चलती है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि विधानसभा चुनाव तो 2022 में है लेकिन जब से उत्तर प्रदेश में सरकार बनी है तब से लगातार मुख्यमंत्री, अन्य मंत्री, सांसद, विधायक और पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सभी लोग जनता के साथ सतत संवाद और सरोकार बनाये हुए हैं जो लोकतंत्र में सबये आवश्यक है। अन्य जितने भी दल हैं वह केवल जब चुनाव आता है तभी जनता के बीच जाते हैं। इसलिए उत्तर प्रदेश के विपक्षी दल भाजपा से बहुत दूर है। भाजपा के पास कार्यकर्ता के रूप में अनुसासित सिपाहियों बहुत बड़ी फौज हैं जिन्हें समय-समय पर पार्टी नेतृत्व द्वारा मार्गदर्शन मिलता रहता है।

हमारी तैयारी दिखाटी नहीं – राजेन्द्र चौधरी
समाजवादी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि हम लगातार सांगठनिक बैठकें कर रहे हैं। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने साईकिल यात्रा निकाली है। प्रदेश अध्यक्ष संकल्प यात्रा पर निकले हुए हैं। सभी फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी लगातार क्षेत्रों में जाकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर रहे हैं। हमारे सहयोगी दल महान दल और जनवादी पार्टी (सोशलिस्ट) पिछले दो सप्ताह से यात्राएं निकाल रहे हैं। हमारी तैयारी दिखावटी नहीं है।

कांग्रेस का संगठन बूथ स्तर तक मजबूत – सचिन रावत
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सचिन रावत ने बताया कि कांग्रेस का विधानसभा से लेकर मण्डल और बूथ स्तर तक संगठन मजबूत है। कांग्रेस पार्टी इस समय प्रशिक्षण से पराक्रम अभियान चला रही है। यह 100 दिन का अभियान है। इसके तहत 700 प्रशिक्षण कैंप प्रदेशभर में लगेंगे और दो लाख कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जायेगा।

Related posts

29 जून 2023 का राशिफल, जानें आज का पंचांग और राहुकाल

Rahul

1 अप्रैल से होगी जनगणना, मोदी सरकार की कैबिनेट में लिए गए ये बड़े फैसले

Rani Naqvi

महंत नरेंद्र गिरी के अंतिम यात्रा में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य हुए शामिल

Rani Naqvi