गौतमबुद्ध नगरः उत्तर प्रदेश की नोएडा पुलिस को गांजा तस्करी करने वाले गैंग को पकड़ने की सफलता हाथ लगी है। नोएडा की फेस 2 कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इस आरोपियों के पास 100 किलो गांजा बरामद किया।
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें मुखबिरों से सूचना मिली थी कि नशीले पदार्थ की बड़ी खेप आने वाली है। जिसके बाद पुलिस मंडी के पीछे सर्विस रोड पर अलर्ट हुई। जांच के दौरान एक स्विफ्ट कार को रोककर चेक किया तो चेकिंग के दौरान 100 किलो गांजा बरामद हुआ।
एडिशनल डीसीपी अंकुर अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि लखनावली गांव के रहने वाले सोनू, नरौली के रहने वाले राजू और मैनपुरी के सूरज को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया के ये सभी पहले भी जेल जा चुके हैं। इनपर शराब तस्करी के 9 केस दर्ज हैं।