लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर आज अलीगढ़ के लिए रवाना हो गया है। भाजपा कार्यालय से पार्थिव शरीर अलीगढ़ के लिए रवाना हुआ है। पूर्व मुख्यमंत्री का अंतिम संस्कार अलीगढ़ के उनके पैतृक गांव में होगा। उनका पार्थिव शरीर एयर एंबुलेंस से अलीगढ़ ले जाया जा रहा है।
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह साथ में मौजूद हैं। इसके अलावा सरकार के तमाम मंत्री एयरपोर्ट के लिए निकल चुके हैं। एयरपोर्ट से पार्थिव शरीर अलीगढ़ उनके पैतृक गांव ले जाया जाएगा। सोमवार को अतरौली में जनता दर्शन के लिए उनके शव को रखा जाएगा। वहीं, एमपी के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह सोमवार को कल्याण सिंह के अंतिम संस्कार में शामिल होने उनके गृह गांव जाएंगे। उधर, पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह के निधन पर राजस्थान में 2 दिन का (आज और कल ) का राजकीय शोक घोषित कर दिया गया है।
गौरतलब है कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के राज्यपाल रहे कल्याण सिंह का शनिवार को लंबी बीमारी के कारण निधन हो गया। रविवार को उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए लखनऊ स्थित राजभवन में रखा गया। यहां पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी के साथ कई अन्य बड़े चेहरों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।