लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कोविड-19 का संक्रमण तेजी से बढ़ता ही जा रहा है। शुक्रवार को राजधानी स्थित यूपी सचिवालय में 13 कर्मचारियों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने से हड़कंप मच गया।
एक ही विभाग के 13 कर्मचारी कोरोना संक्रमित
उत्तर प्रदेश सचिवालय में आज एक विभाग के 13 कर्मचारी एक साथ कोरोना संक्रमित पाए गए। ये जानकारी मिलते ही विभागीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया। कोरोना संक्रमित पाए गए सभी कर्मचारी सभी खाद्य रसद विभाग में तैनात हैं।
वहीं, सचिवालय के एक विभाग ही में 13 कर्मचारियों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद आज सभी अनुभागों को बंद किया गया। इसके अलावा सचिवालय में कोरोना केस बढ़ने से हड़कंप मचा हुआ है।
कोरोना मामलों में लखनऊ टॉप पर
उधर, उत्तर प्रदेश के पांच जिलों में कोरोना संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। इनमें राजधानी लखनऊ टॉप पर बनी हुई है। लखनऊ में बीते 24 घंटे में कोरोना के 237 नए मरीज सामने आए हैं।
राजधानी में कोरोना संक्रमितों की संख्या में तेजी से इजाफा होने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय भटनागर ने बताया कि, स्वास्थ विभाग के द्वारा कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या पर लगाम लगाने के लिए तमाम तरह की व्यवस्थाएं की जा रही है। उन्होंने कहा कि, कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा जल्द ही नियंत्रित होगा।