लखनऊ: सोमवार को दो दिग्गज नेताओं की मुलाकात हुई। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव अपने रिश्तेदार और राजनीतिक सहयोगी मुलायम सिंह यादव से मिलने पहुंचे। इस दौरान उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जी वहां उपस्थित रहे।
मुलायम सिंह यादव की तबीयत खराब थी। इस दौरान उन्हें कई बार अस्पताल भी जाना पड़ा। उनकी सेहत का हाल चाल जानने के लिए लालू प्रसाद यादव मुलाकात करने पहुंचे। इसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी अपने सोशल मीडिया हैंडल पर भी साझा की। दोनों नेताओं की दिल्ली में मुलाकात हुई।
देश के वरिष्ठतम समाजवादी साथी आदरणीय श्री मुलायम सिंह जी से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।खेत-खलिहान,ग़ैर-बराबरी, अशिक्षा,किसानों,गरीबों व बेरोजगारों के लिए हमारी सांझी चिंताएँ और लड़ाई है।
आज देश को पूंजीवाद और सम्प्रदायवाद नहीं बल्कि लोकसमता एवं समाजवाद की अत्यंत आवश्यकता है। pic.twitter.com/XWA2goMjG8
— Lalu Prasad Yadav (@laluprasadrjd) August 2, 2021
लालू प्रसाद यादव ने लिखा कि देश के वरिष्ठ समाजवादी नेता और आदरणीय मुलायम सिंह यादव से मुलाकात करके उनकी सेहत का हालचाल जाना। उन्होंने देश की आवश्यकता की तरफ संकेत करते हुए कहा कि मौजूदा समय में पूंजीवाद और साम्यवाद नहीं, बल्कि लोक समता और समाजवाद की देश को जरूरत है।
बता दें कि उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। राजनीतिक नजरिए से भी यह मुलाकात काफी महत्वपूर्ण है। यूपी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी अखिलेश यादव के नेतृत्व में लड़ रही है। 2017 में सत्ता से बाहर होने के बाद अखिलेश यादव लगातार दोबारा वापसी की कोशिश में लगे हुए हैं।