लखनऊ। केन्द्रीय आवास एवं शहरी विकास राज्यमंत्री कौशल किशोर का जन आशीर्वाद यात्रा के तहत गुरूवार को लखनऊ ग्रामीण क्षेत्र में जगह- जगह भव्य स्वागत किया गया। कौशल किशोर ने विधानसभा चुनाव 2022 में दुबारा भाजपा की जीत के लिए जनता का आशीर्वाद मांगा।
बीकेटी में जनता को संबोधित करते हुए कहा कौशल किशोर ने कहा कि जनता का आशीर्वाद भाजपा के साथ है और 2022 के विधानसभा चुनाव में हम पूर्ण बहुमत के साथ दोबारा जनसेवा में कार्य करेगें। उन्होंने कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा का उद्देश्य जनता से प्रत्यक्ष संवाद कर उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी देना व उन्हें मिल रहे सरकारी लाभों की सही जानकारी प्राप्त करना। उन्होंने कहा कि सबका साथ-सबका विश्वास भाजपा के साथ और हम जनता के के आशीर्वाद से आगे भी सबके विकास के लिए प्रतिबद्ध है। जन आशीर्वाद यात्रा लखनऊ की विधानसभा बीकेटी में चिनहट में शिव दर्शन यादव के नेतृत्व में भव्य स्वागत किया गया और कौशल किशोर को चांदी का मुकुट पहनाया गया।