कंगना रनौत को मिली वाई श्रेणी की सुरक्षा, संजय राउत हैरान

नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत और शिवसेना के बीच बढ़ी तकरार के बीच गृह मंत्रालय ने कंगना रनौत को वाई श्रेणी की सुरक्षा प्रदान कर दी है। कंगना रनौत ने ट्वीट करके गृह मंत्री अमित शाह का धन्यवाद देते हुए कहा कि, शाह चाहते तो हालातों के चलते मुझे कुछ दिन बाद मुंबई जाने की सलाह देते मगर उन्होंने भारत की एक बेटी के वचनों का मान रखा।
ट्वीट करते हुए अभिनेत्री कंगना रनौत ने कहा कि, ‘ये प्रमाण है की अब किसी देशभक्त आवाज को कोई फासीवादी नहीं कुचल सकेगा, मैं अमित शाह जी की आभारी हूं। वो चाहते तो हालातों के चलते मुझे कुछ दिन बाद मुंबई जाने की सलाह देते मगर उन्होंने भारत की एक बेटी के वचनों का मान रखा, हमारे स्वाभिमान और आत्मसम्मान की लाज रखी, जय हिंद।’
आपको बता दें कि कंगना रनौत सुशांत सिंह राजपूत की मौत के प्रकरण में शुरू से ही मुखर हैं और उन्हें बॉलीवुड माफिया, परिवारवाद और ड्रग तस्करी के खिलाफ जमकर आवाज उठाई है। अपने बयानों के चलते वे न केवल बॉलीवुड सेलिब्रिटिज के निशाने पर आ गई हैं बल्कि कई राजनीतिक पार्टियां भी उनपर निशाना साध रही हैं।
संजय राउत और कंगना में तेज हुई जुबानी जंग
कंगना ने कहा था कि उन्हें बॉलीवुड माफिया से ज्यादा मुंबई पुलिस से डर लगता है। इसपर राउत ने उन्हें मुंबई न आने की सलाह दी थी। बस फिर क्या था कंगना ने चुनौती देते हुए कहा था कि वे नौ सितंबर को मुंबई आ रही है। उन्होंने एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा था कि संजय राउत का मतलब महाराष्ट्र नहीं है।
सामना में कंगना को बताया मेंटल वूमेन
महाराष्ट्र के दैनिक समाचार पत्र सामना ने कंगना को मेंटल वूमेन करार दिया था सामना के संपादकीय में लिखा गया था कि आने वाले मानसून सत्र में विपक्ष को भी आउटसाइडर के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। यह बिल्कुल भी बरदाश्त के बाहर है कि एक आउटसाइडर, जिसने मुंबई में आकर सब कुछ हासिल किया वो मुंबई का अपमान कर रही है और गलत बातें बोल रही है। इसकी आलोचना होनी चाहिए।
शिवसेना ने कहा कि ‘मेंटल वूमन’ ने मुंबई और मुंबई पुलिस का अपमान किया है। ऐसे में उन्हें महाराष्ट्र में रहने का अधिकार नहीं है। इस बारे में महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने पहले ही बयान दे दिया है। इसका पालन कराया जाएगा। विपक्ष को अनिल देशमुख पर भरोसा दिखाना चाहिए।’