लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी का राजनीतिक मंथन जारी है। रविवार को भाजपा मुख्यालय से राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आगरा के लिए निकले। वह उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर हैं, जहां शनिवार को लखनऊ एयरपोर्ट पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद वह पूरे दिन अलग-अलग कार्यक्रम में शामिल होते रहे।
आगरा के लिए रवाना जेपी नड्डा
अपने दौरे के दूसरे दिन बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आगरा के लिए रवाना हुए। उनके साथ यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, भारतीय जनता पार्टी के यूपी प्रभारी राधा मोहन सिंह और राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष भी मौजूद रहे।
अगर उनके आगरा के कार्यक्रम पर नजर डालें तो सुबह सबसे पहले होटल ताज में एक विशेष बैठक होगी। यह होटल फतेहाबाद रोड पर स्थित है। इस बैठक में जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, क्षेत्रीय टीम और क्षेत्रीय मोर्चा के कई अध्यक्ष शामिल रहेंगे। इसके बाद सभी विधायकों और विधान परिषदों के साथ जे पी नड्डा की बैठक होगी। फिर कोरोना वारियर्स सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा। जिसमें जेपी नड्डा का संबोधन होगा, यहीं से फिर बाद दिल्ली के लिए निकल जाएंगे।