मुंबई। द कपिल शर्मा शो के सेट पर इस शनिवार एक शादी का भव्य समारोह होने वाला है। बॉलीवुड की हॉटेस्ट नवविवाहित जोड़ी करण सिंह ग्रोवर और बिपाशा बसु पहली बार एक साथ सार्वजनिक तौर पर इस शो में नजर आयेंगे। कपिल और उनकी टीम ने शो में उनका जोरदार स्वागत किया। इस गैंग ने बिपाशा एवं करण के लिये सेट पर शानदार समय सुनिश्चित करने के लिये कोई कसर नहीं छोड़ी। सेट को इस जोडी के स्वागत में रौशनी एवं फूलों से खूबसूरती के साथ सजाया गया था।
करण और बिपाशा ने इस दौरान कपिल के साथ अपनी शादी और हनीमून की कुछ दिलचस्प कहानियां साझा की। वहीं, एक दर्शक ने बिपाशा के पत्नी कौशल की जांच करने का फैसला किया। हां, आपने बिल्कुल सही सुना है। एक बुजुर्ग महिला प्रशंसक ने बंगाली बाला बिपाशा से घर के कुछ सामान्य कामों को करने के लिये कहा, जो आमतौर पर पत्नियां करती हैं। बिपाशा को सबसे पहले एक शर्ट की बटन सिलने को कहा गया। बिपाशा ने कबूल किया कि उन्होंने अपनी जिंदगी में पहले कभी भी सिलाई नहीं की है, लेकिन इसके बावजूद वह जोश से इस काम को करती नजर आईं, क्योंकि उनके पति बड़े प्यार से उन्हें यह सब करता देख रहे थे। हालांकि, बिपाशा ने शर्ट में बटन लगा दिया, लेकिन गड़बड़ यह हुई कि उन्होंने बटन के साथ ही शर्ट का एक किनारा भी सिल डाला।
इसके बाद उनसे करण की टाई बांधने के लिये कहा गया। वह बड़ी मशक्कत से याद कर रही थीं कि स्कूल के दिनों में वह किस तरह टाई बांधा करती थीं और बिपाशा ने अंदर से बाहर की ओर टाई बांध दी। करण इस बीच उन्हें छेड़ रहे थे, जबकि सभी लोग खिलखिला कर हंस पड़े। ये दोनों एकसाथ काफी प्यारे नजर आ रहे थे।