मुंबई। पद्मावती विवाद पर प्रियंका चोपड़ा ने अपना बयान दिया है। इस फिल्म की रिलीज विवाद के चलते टाल दी गई। प्रियंका चोपड़ा ने कहा कि फिल्म विवाद से जब बाहर आएगी तो लोग इसकी कला को देख पाएंगे। गौरतलब है कि प्रियंका संजय लीला भंसाली की पिछली फिल्म बाजीराव मस्तानी की हिरोइन थीं जिसमें उन्होंने काशी का रोल निभाया था। फिल्म पद्मावती को अभी सीबीएफसी से प्रमाण पत्र मिलना बाकी है।
देसी गर्ल ने कहा मेरे संजय सर के साथ अविश्वसनीय संबंध है और मैं उनकी जबरदस्त प्रशंसक हूं। मैं जानती हूं कि यह फिल्म प्रदर्शित होगी और लोग इसके पीछे की कला को देख पायेंगे। प्रियंका ने कहा कि वो संजय लीला भंसाली के साथ हैं और दीपिका, रणवीर और शाहिद के साथ भी खड़ी रहेंगी।
फिल्म पद्मावती को लेकर विवाद ऐसा बढ़ा कि राजनीतिक गलियारों में नेता इसकी चर्चा करने लगे। करणी सेना और दूसरे संगठन ने इस फिल्म पर अपना विरोध बरकरार रखा है और कहा कि वो इस फिल्म को विदेश में भी रिलीज नहीं होने देंगे।