हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों पर काउंटिंग जारी है। रुझानों में एक बार फिर प्रदेश का राज बदलता दिख रहा है, रिवाज नहीं।
यह भी पढ़े
LIVE Gujarat Election Result 2022: गुजरात में आम आदमी पार्टी ने चौंकाया
हर बार की तरह 5 साल के बाद सरकार बदलने का सिलसिला इस बार भी नजर आ रहा है। कांग्रेस रुझानों में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने की ओर बढ़ रही है।
पार्टी ने 12 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है, जबकि 25 पर आगे चल रही है। भाजपा 12 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है, 16 पर आगे चल रही है। अन्य कैंडिडेट्स ने 2 सीटों पर जीत हासिल की। AAP अभी तक खाता नहीं खोल पाई है।
जयराम सरकार में मंत्री रहे डॉ. रामलाल मारकंडा लाहौल-स्पीति सीट से कांग्रेस के रवि ठाकुर से चुनाव हार गए हैं। कांगड़ा जिले की शाहपुर सीट से जयराम सरकार में मंत्री रहीं सरवीण चौधरी कांग्रेस के केवल सिंह पठानिया से चुनाव हार गईं।
जयराम कैबिनेट में शहरी विकास मंत्री रहे सुरेश भारद्वाज शिमला जिले की कसुम्पटी सीट पर कांग्रेस के अनिरुद्ध सिंह से चुनाव हार गए। सुरेश भारद्वाज पिछले चार चुनाव शिमला शहरी सीट से जीते थे। BJP हाईकमान ने इस बार भारद्वाज की सीट बदलते हुए उन्हें कसुम्पटी सीट से टिकट दिया था।