लखनऊ: उत्तर प्रदेश से जाने वाली हज यात्रा को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। यूपी हज यात्रा 2021 को कोरोना महामारी के चलते निरस्त कर दिया गया है।
कोविड संक्रमण के हालातों के कारण उत्तर प्रदेश से जाने वाली हज यात्रा 2021 रद्द की गई है। दुनिया के तमाम देशों में कोरोना संकट के कारण इस बार भी प्रदेश के लोग हज यात्रा में शामिल नहीं हो सकेंगे। इस बात की जानकारी उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के सचिव राहुल गुप्ता ने दी है।
सऊदी अरब सरकार ने हज यात्रा पर लगाई रोक
हज समिति के सचिव राहुल गुप्ता ने बताया कि, कोरोना संक्रमण के कारण सऊदी अरब सरकार ने सिर्फ सऊदी अरब प्रवासियों को ही हज यात्रा में शामिल होने की इजाजत दी है। ऐसे में उत्तर प्रदेश के लोग इस बार हज यात्रा में शामिल नहीं हो सकेंगे।
15 जून को निरस्त किए गए थे आवेदन
गौरतलब है कि इससे पहले 15 जून को हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज यात्रा 2021 के लिए आए सभी आवेदनों को निरस्त करने का ऐलान किया था। कोरोना महामारी के कारण सऊदी अरब के हज और उमराह मंत्रालय ने दूसरे देशों से आने वाले यात्रियों के लिए हज यात्रा पर रोक लगा दी थी। आपको बता दें कि पिछले साल भी कोरोना के चलते हज यात्रा पर रोक लगा दी गई थी।