कानपुर: मास्क पहनना इन दिनों सबसे जरूरी काम है। धीरे-धीरे यह हमारी जिंदगी का हिस्सा बनता जा रहा है। इसी के चलते अब फैशन के अनुसार मास्क पहनने की परंपरा भी शुरू हो गई है। कानपुर में भी गोल्डन बाबा ने सोने का मास्क लेकर सबको चौंका दिया।
101 ग्राम का सोने का मास्क
लोग अलग-अलग रंग के कपड़े पहनने पर उसी तरह का मास्क पहनते हैं, लेकिन जब बात सोने का मास्क पहनने की आए तो एक बार आदमी सोचने पर मजबूर हो जाता है। लेकिन कानपुर के गोल्डन बाबा ने इस सोच को सही कर दिखाया। उन्होंने 101 ग्राम का स्पेशल सोने का मास्क बनवाया, जो मुंबई के एक कारीगर द्वारा बनाया गया है। इस पर नक्काशी भी की गई है और भगवान शंकर की तस्वीर भी झलक रही है। मास्क बनाने में पूरी सुरक्षा का भी ख्याल रखा गया है, अंदर से सैनिटाइजेशन की कोटिंग की गई है। वहीं n95 की तरह इसमें भी वाल्व लगा हुआ है।
पूजन अर्चन के बाद पहना मास्क
गोल्डन बाबा ने सोने का मास्क बनवाने के बाद इसका पूजन अर्चन किया। भगवान शिव की पूजा करने के बाद उन्होंने इस मास्क को पहना। इस खबर के सामने आते ही गोल्डन बाबा एक बार फिर चर्चा में आ गये। सोने के आभूषण और भारी मात्रा में सोना पहनने के कारण अक्सर वह चर्चा में रहते हैं। अब सोने का मास्क भी एक बार फिर लोगों के बीच कौतूहल पैदा कर रहा है।