नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में एक बेहद ही खौफनाक मामला सामने आया है। खबर के अनुसार दिल्ली के महेंद्र पार्क में एक शख्स ने अपने ही 2 बेटों को मौत के घाट उतार दिया है। बताया जा रहा है कि पिता (मुकेश) घर में हो रही समस्याओं से मानसिक तनाव से जूझ रहा था।
इस तनाव के चलते ही मुकेश ने अपने 2 बेटों आयुष और आर्यन की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। मामला बुधवार सुबह का बताया जा रहा है। वहीं आरोपी पिता ने अपना जुर्म भी पुलिस के सामने कुबूल कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मुकेश डेढ़ साल पहले अपनी पत्नी की मौत के बाद से ही तनाव में था। पुलिस उपायुक्त विजय सिंह ने बताया, “वह (मुकेश) बेरोजगार था और महेंद्र पार्क के संजय नगर इलाके में स्थित अपने घर में दोनों बेटों के साथ रहता था।” मुकेश को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है।