मैनपुरी। उत्तर प्रदेश में जनपद मैनपुरी में पत्नी से झगड़ा करने के बाद रविवार युवक ने 12 साल की बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। वहीं दोनों बच्चों पर हमला करने के बाद उसने खुद को फांसी लगा ली। इस घटना में दोनों बच्चे बाल-बाल बच गए। पड़ोसियों ने सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराकर पुलिस को सूचित किया। घिरौर क्षेत्र के पहाड़पुर गांव के रहने वाले शेर सिंह का उसकी पत्नी से काफी दिनों से विवाद चल रहा था। इस कारण पत्नी बच्चों को छोड़कर मायके में रह रही थी।

बता दें कि उसके तीनो बच्चें शेर सिंह के पास ही रहते हैं। परिजनों ने बताया कि शेर सिंह ने कई बार अपनी पत्नी को वापस बुलाया। उसके न आने पर वह कह चुका था कि बच्चों को अपने साथ मायके ले जाए, लेकिन वह नहीं ले जा रही थी। रविवार को भी शेर सिंह का पत्नी से फोन पर बच्चों को ले जाने के लिए विवाद हो गया। इसके बाद शेर सिंह ने फोन काट दिया और गुस्से में आकर उसने अपनी 12 साल की बेटी मुस्कान की गला घोंटकर हत्या कर दी।
वहीं इसके साथ ही दूसरे बेटी अन्नू और बेटे विवेक पर भी हमला कर दिया। पिता हैवानियत देखकर बच्चे किसी तरह वहां से भाग कर ग्रामीणों को सूचना देने पहुंचे। इसी बीच शेर सिंह ने फांसी लगा ली। मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों ने शेर सिंह को फंदे से उतार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बतायी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है तथा मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।