जौनपुर। उत्तर प्रदेश के पांचवें चरण का चुनावी शोर तो अब खत्म हो गया है लेकिन बाकि बचे दो चरणों के मतदाताओं को लुभाने के लिए राजनेताओं ने जोर लगाना शुरू कर दिया है। आज प्रदेश में रैलियों का रविवार हो गया। तमाम राजनीतिक पार्टियों के दिग्गज चुनावी हुंकार भर रहे है।
महाराजगंज में समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने एक बार फिर से नोटबंदी को लेकर पीएम मोदी पर निशाना साधा तो उनकी पत्नी और कन्नौज से सांसद डिंपल यादव ने जौनपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए मन की बात को निशाना बनाया।
सभा को संबोधित करते हुए डिंपल यादव ने कहा कि केंद्र की सत्ता पर काबिज हुए मोदी को 3 साल से ज्यादा का समय बीत गया है और वो काम करने की बजाय सिर्फ मन की बात कर रहे हैं। जौनपुर में सभा को संबोधित करते हुए डिंपल ने दावा किया कि एक बार फिर से समाजवादी पार्टी सत्ता पर काबिज होगी। आगे बोलते हुए डिंपल ने मोदी पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी मन की बात तो ये है कि वो सभी जातियों के लोगों में भेदभाव करना चाहते हैं।