लालकुआं। एक 16 वर्षीय लड़की आरती का शव मिलने से पुलिस विभाग में हड़कम्प मच गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि लड़की का शव श्मशान घाट के पास मिला है। बताया जा रहा है कि यह लड़की पश्चिमी राजीव नगर घोड़ानाला बिंदुखत्ता में रहने वाली है लेकिन मूल रूप से शाहजहांपुर निवासी है।
पुलिस के अनुसार लड़की के माता-पिता का पूर्व में ही देहांत हो चुका है। बताया जा रहा है कि मृतका यहां अपने चाचा के पास इन दिनों आई हुई थी। परिजनों ने लड़की की हत्या की आशंका दर्ज की है। इधर सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू की। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि युवती का नाम आरती शर्मा पुत्री सत्यराज शर्मा है। यहां अपने चाचा काशीराम शर्मा के घर घोड़ानाला, बिंदुखत्ता आई हुई थी। उसके गले में सूजन के निशान मिले हैं। उसकी लाश हाईवे से 50 मीटर अंदर जंगल में पड़ी मिली। शव पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेजा गया है।