लखनऊ: उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण पर लगातार काबू पाया जा रहा है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 1165 नए संक्रमित पाए गए हैं।
अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने रविवार को बताया कि, पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 1165 नए कोरोना पॉज़िटिव मामले मिले हैं। जबकि प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 2446 संक्रमित डिस्चार्ज किए गए हैं।
प्रदेश में कोरोना रिकवरी रेट
एसीएस स्वास्थ्य ने बताया कि, प्रदेश में कोरोना संक्रमण के 17,928 एक्टिव केस हैं और इनमें से 10,141 होम आइसोलेशन में हैं। उन्होंने बताया कि, प्रदेश में कोरोना से रिकवरी रेट 97.7 फीसदी हो गया है।
अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि, राज्य में पिछले 24 घंटे में 3 लाख 9 हज़ार 674 सैंपल की जांच की गई। इनमें 1 लाख 21 हज़ार 70 आरटी-पीसीआर टेस्ट किए गए हैं। प्रदेश में शुरू से पॉजीटिविटी रेट 3.3 फीसदी है। आज स्लाट्स खोले गए हैं। कल (सोमवार) से महिला स्पेशल सेंटर खोले जा रहे हैं।
प्रदेश में कोरोना टीकाकरण
ACS स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने कहा कि, प्रदेश में 1 करोड़ 66 लाख 7 हज़ार 371 लोगों को पहली डोज़ और 36 लाख 27 हज़ार 227 लोगों को दूसरी डोज़ दी जा चुकी है। प्रदेश में अब तक कुल 2 करोड़ 2 लाख 34 हज़ार 598 डोज़ वैक्सीन दी जा चुकी है। जून में एक करोड़ का लक्ष्य है। 18 से 44 आयुवर्ग के 31 लाख 24 हज़ार 260 डोज़ दी जा चुकी है।