नई दिल्ली। आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा 2017 के चुनावों के मद्देनजर राहुल गांधी ने कुछ दिनों पहले ही अपनी खाट सभा का आयोजन किया था। जिसमें उन्होंने देवरिया से दिल्ली तक के सभी जगहों को कवर करने की कोशिश करते हुए चुनावी पृष्ठभूमि तैयार की और लोगों की समस्याओं को सुनने के साथ-साथ कर्ज माफी की बात भी कही। इसी क्रम में कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी बुधवार से अपनी यात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत करेंगे। इस यात्रा को संदेश यात्रा का नाम दिया गया है जो कि 2 नंबर से 10 नवंबर तक चलेगी।
खबर के अनुसार अपनी इस संदेश यात्रा के दौरान कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी का मुख्य फोकस शहरी इलाकों पर रहेगा। जिनमें डिबाई, अनूपशहर, सिकंदराबाद, स्याना, बुलंदशहर, शिकारपुर और खुर्जा क्षेत्र मुख्य रुप से शामिल है।
बता दें कि उत्तर प्रदेश की सत्ता में 27 साल बाद कांग्रेस एक बार फिर से अपने पैर पसारने की कोशिश कर रही है जिसके चलते कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने 26 दिन की किसान यात्रा की शुरुआत की थी। इस यात्रा के दौरान राहुल ने देवरिया से लेकर दिल्ली तक खाट सभाएं की और किसानों की नब्ज टटोलने की कोशिश की। उनकी समस्याएं सुनी और कर्ज माफ करने का भरोसा दिलाया। राहुल गांधी की इस यात्रा के दौरान उन्हें समर्थकों का बहुत साथ मिला। तो अब वो चुनावी अभियान के दूसरे चरण की पृष्ठभूमि तैयार करते हुए आज से अपनी संदेश यात्रा की शुरुआत करेंगे।