लखनऊ: अगस्त क्रांति के अवसर पर पूरे प्रदेश में विधानसभा पर महंगाई, किसानों की बदहाली, ध्वस्त कानून व्यवस्था और बेरोजगारी के सवाल पर कांग्रेस पार्टी ने ‘भाजपा गद्दी छोड़ो’ मार्च किया। हर विधानसभा में लगभग 5 किलोमीटर लंबी पदयात्रा हुई। दो दिवसीय इस अभियान में मंगलवार को भी विधानसभा वार पदयात्रा होनी है।
विधानसभाओं में सड़कों पर उतरे कांग्रेसी
प्रदेश की तमाम विधानसभाओं में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रिक्शा पर मोटरसाइकिल, खाली गैस सिलेंडर, दाल-किरासन रखकर प्रदर्शन किया। भाजपा गद्दी छोड़ो के नारे के साथ हर विधानसभा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार मार्च किया।
10 अगस्त को भी निकलेगा मार्च
भाजपा गद्दी छोड़ो मार्च में प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बाराबंकी में मार्च की अगुवाई की। वहीं, सीएलपी आराधना मिश्रा मोना ने अपने गृह जनपद प्रतापगढ़ में मार्च हिस्सा लिया। प्रदेश के सभी पदाधिकारियों ने जगह-जगह विधानसभाओं में भाजपा गद्दी छोड़ो मार्च की अगुवाई की। वहीं, 10 अगस्त को प्रदेश की बाकी बची विधानसभाओं में भी मार्च होंगे।