लखनऊः संजय गांधी पीजीआई में पूर्व सीएम कल्याण सिंह का इलाज चल रहा है। उनकी हालत स्थिर नहीं है। हालत बिगड़ने की जानकारी जैसे ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को हुई, वो फौरन एयरपोर्ट से सीधा पीजीआई गए और पूर्व सीएम कल्याण सिंह का हाल जाना।
बता दें कि सीएम योगी गुरुवार को दिल्ली दौरे पर गए थे। इस दौरान वो गृहमंत्री अमित शाह के आवास पर हुई एक बैठक में शामिल भी हुए थे।
पूर्व सीएम कल्याण सिंह के परिजनों एंव पीजीआई निदेशक डॉ. आरेक धीमन से सीएम योगी आदित्यनाथ ने बात करते हुए कल्याण सिंह के स्वास्थ्य की कुशलता पूछी। सीएम योगी के वहां से जाने के बाद डॉ. धीमन ने बताया कि वह हमेशा की तरह आज भी उन्हें देखने आये थे। ये महज रुटीन विजिट थी। कल्याण सिंह के स्वास्थ्य को लेकर धीमन ने कहा कि उनकी हालत थोड़ी चिंताजनक है। फिलहाल अभी कुछ कहना मुश्किल होगा।
गौरतलब है कि कल्याण सिंह का हालत चिंताजनक होने के कारण उन्हें क्रिटिकल केयर मेडिसिन के आईसीयू में भर्ती किया गया है। वे अभी वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। उनकी तबियत पहले जैसी ही नाजुक बनी हुई है। कल्याण सिंह चार जुलाई से पीजीआई में भर्ती हैं।