बांदा: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को चित्रकूट पहुंचकर रसिन बांध का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने सेल्फी भी ली।
मुख्यमंत्री ने यहां जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, जिनके चेहरे पर खुशहाली अच्छी नहीं लगती, वे लोग किसानों को गुमराह कर रहे हैं। आज भारत की ताकत पर पूरी दुनिया को भरोसा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए कार्यों को वैश्विक मंच पर सम्मान मिलता है।
‘हमारी सरकार ने पूरी की वर्षों से लंबित परियोजना’
सीएम योगी ने कहा, जो लोग कहते हैं कि मोदी-योगी ने किसानों के लिए क्या किया, उनको जवाब है कि- जो काम आजादी बाद नहीं हुए, उन्हें हमने किया। उन्होंने कहा, वर्ष 1970 में बनीं रसिन बांध, अर्जुन सहायक व चिल्लीमल पंप कैनाल जैसी परियोजना, वर्षों से लंबित थीं। इन्हें हमारी सरकार ने पूरा किया है। उन्होंने कहा, हमारी प्राथमिकता है कि चित्रकूट आत्मनिर्भर बने।
सूबे के मुखिया ने कहा, अन्य सरकारें रसिन बांध और चिल्लीमल परियोजना को जान-बूझकर सफल नहीं होने दे रही थीं, इसके लिए पैसा ही नहीं दिया जा रहा था। मगर, अब बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे, रसिन बांध, चिल्लीमल जैसी परियोजना विकास का आधार बनेंगी। सरकार का लक्ष्य है कि वर्ष 2022 तक हर परिवार को एक-एक घर मिले।
चित्रकूट मंडल से जुड़ी 1000 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण
सीएम योगी ने बुंदेलखंड के चित्रकूट मंडल से जुड़ी करीब 1000 करोड़ रुपए की योजनाओं के लोकार्पण/शिलान्यास कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा, पहले मैंने बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे का जालौन में निरीक्षण किया। यमुना जी पर बहुत बड़ा पुल बन रहा है। प्रदेश में पहले ऐसे पुल बनने में 8-10 साल लगते थे, लेकिन हम लोगों ने यमुना जी पर 6 महीने में पुल बनाने का संकल्प लिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा, दो दिन में हम 3000 करोड़ रुपए की परियोजनाएं बुंदेलखंड को दे रहे हैं। आज बुंदेलखंड में पर्यटन विकास की संभावनाएं आगे बढ़ रही हैं। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे से आप 5-6 घंटे के अंदर दिल्ली पहुंच जाएंगे। जब मैं झांसी में आया तो हमने 1,800 करोड़ रुपए की योजनाओं के लोकार्पण/शिलान्यास किया।
अब धरती का स्वर्ग बनेगा बुंदेलखंड
उन्होंने कहा, आज मैंने अर्जुन सहायक परियोजना का निरीक्षण किया। यह 2,600 करोड़ रुपए की लागत से बन रही है, जो दो महीने के अंदर पूरी होगी। हम पांच लाख की आबादी को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराएंगे। बुंदेलखंड में दो नए एयरपोर्ट बन रहे हैं। चित्रकूट और ललितपुर से भी हम हवाई सेवा शुरू करने जा रहे हैं। हमारा बुंदेलखंड अब धरती का स्वर्ग बनेगा।
सीएम योगी ने कहा, आज सबको पता है जो भ्रष्टाचार फैलाएगा, उसकी जगह शासन-प्रशासन में नहीं बल्कि जेल में है। हमने तय किया है कि अगर कहीं कोटे में शिकायत होगी तो इसका संचालन गांव की महिला स्वयं सहायता समूह के माध्यम से किया जाएगा।
सूबे के मुखिया ने कहा, इस वर्ष के अंत तक बुंदेलखंड के अधिकतर गांवों के घरों में ‘हर घर नल-हर घर जल’ योजना पहुंचेगी। इस योजना के माध्यम से हम हर घर को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराएंगे। यहां हर खेत को पानी मिलेगा, हर घर को जल मिलेगा। बुंदेलखंड अब प्यासा नहीं रहेगा। हम बुंदेलखंड में विकास की योजनाओं को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। आने वाले समय में बुंदेलखंड के नौजवानों को रोजगार के लिए यहां से पलायन नहीं करना पड़ेगा। बुंदेलखंड कृषि के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को हासिल करेगा।
रसिन बांध परियोजना का किया लोकार्पण
इससे पहले मुख्यमंत्री सुबह हेलीकॉप्टर से चित्रकूट के चौधरी चरण सिंह रसिन बांध सिंचाई परियोजना स्थल पर उतरे। इसके बाद उन्होंने पास ही पार्क में बने शिव मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा अर्चना की। इसके बाद सीएम योगी ने 140.20 करोड़ लागत से बने रसिन बांध परियोजना का लोकार्पण किया। इस परियोजना से क्षेत्र के 17 गांवों में सिंचाई के लिए पानी मिलेगा।
चिल्लीमल पंप हाउस का लोकार्पण
इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजापुर तहसील में यमुना नदी पर बने चिल्लीमल पंप हाउस का वर्चुअल लोकार्पण किया, जिसकी लागत 50.46 करोड़ रुपए है। इस परियोजना से अब साल भर 4450 किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। उन्होंने महोबा में लहचुरा बांध और अर्जुन सहायक परियोजना के रेगुलेटर को देखने के बाद कहा कि, ‘भाजपा सरकार में जलशक्ति मंत्रालय ने पानी का पावर दिखा दिया है।’