भोपाल। एक व्हाट्सएप ग्रुप पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की एक आपत्तिजनक तस्वीर पर भड़के दो गुटों के बीच झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हुए जिनमें पांच की हालत गंभीर है।
खबर है कि अस्पताल में इलाज के दौरान उमेश वर्मा नाम के शख्स की मौत हो गई। कांग्रेस पार्षद जतिन राज के पक्ष के लोगों ने बताया कि विजय नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे लोगों के बीच बहस शुरू हो गई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। जिसके बाद एक शख्स ने चाकू निकाल लिया। राज ने स्थानीय लोगों से जुड़े रहने और बातचीत के लिए वाट्सएप पर ‘विजय नगर फ्रेंड्स’ नाम का एक ग्रुप बनाया था।
प्रशांत नायक नाम के शख्स ने व्हाट्सएप गु्रप पर सोनिया गांधी की कथित रूप से एक आपत्तिजनक तस्वीर डाली और इस पर एक व्यंग्य लिखा। मध्यरात्रि के बाद दोनों गुट अहिंसा चौक पर एकत्रित हुए और इस मुद्दे पर उनके बीच बहस हुई। इस बीच खबर मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें थाने ले आई। पुलिस ने थाने के अंदर हिंसा की बात से इनकार किया। उन्होंने कहा कि हिंसा उस समय हुई, जब समूह थाने जाने वाले रास्ते में थे।