देहरादून। क्रिसमस के त्यौहार को लेकर पूरे देश के लोगों में उत्साह है। प्रदेश की राजधानी देहरादून में तमाम चर्च सज चुके हैं। क्रिसमस के त्यौहार को लेकर ना सिर्फ ईसाई लोगों में उत्साह है बल्कि पूरे राज्य के लोग उत्साहित दिख रहे हैं। क्रिसमस के इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों में कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। बाजार और माॅल से लेकर हर जगह क्रिसमस की धूम दिख रही है। शहर में जगह-जगह क्रिसमस को लेकर कार्यक्रम हो रहे हैं।
दून के सेंट जाॅन्स चर्च, सेंट फ्रांसिस चर्च, माॅरीसन मेमोरियल चर्च, सेंट थाॅमस चर्च आदि क्रिसमस डे के लिए सज कर तैयार है। इस बीच ईसाई समुदाय के लोग अपने घरों को रंग-बिरंगी लाइटों से सजा रहे हैं। लोग एक दूसरे के घर जाकर प्रभु यीशु का संदेश दे रहे हैं।